देश दुनिया

गांव में शिविर लगाकर 200 से अधिक खातों की जांच की ग​ई

जटकन्हार पोस्ट ऑफिस के खाताधारकों द्वारा किए गए आंदोलन का असर मंगलवार को साफ दिखाई दिया। विभाग की ओर से गांव में विशेष जांच शिविर लगाया गया, जिसमें दिनभर में 200 से अधिक खातों की जांच की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने बचत खातों और सावधि जमा (एफडी) से जुड़ी शिकायतों के साथ शिविर में पहुंचे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जिन खातों में किसी प्रकार की अनियमितता पाई जा रही है, उनकी विस्तृत जांच की जा रही है।

पोस्ट ऑफिस के जिला प्रमुख एमडी शर्मा ने बताया कि जैसे-जैसे एक-एक खाते की जांच पूरी होती जाएगी, वैसे-वैसे संबंधित राशि का सेटलमेंट भी किया जाएगा। आश्वस्त किया कि भुगतान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक यह शिविर अभी तीन से चार दिन और चलेगा। मुनादी कराकर आसपास के आठ गांवों के खाताधारकों को सूचना दी गई है कि जिन लोगों को अपने खाते की जांच करानी है, वे शिविर में उपस्थित होकर दस्तावेज प्रस्तुत करें।

सर्वर का बहाना बनाकर लेन-देन प्रभावित किया गांव में लगाए गए शिविर में पहुंचे खाताधारकों ने आरोपी पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वह हर महीने 8 से 10 दिन तक सर्वर खराब होने का बहाना बनाकर बचत खातों के लेन-देन को प्रभावित करता था। ग्रामीणों के अनुसार जब भी उन्हें राशि की आवश्यकता होती, तो उन्हें यह कहकर समझाया जाता कि डोंगरगढ़ जाने की जरूरत नहीं है। पोस्ट ऑफिस का समय समाप्त होने के बाद भी उन्हें व्यक्तिगत रूप से राशि दे दी जाती थी।

Related Articles

Back to top button