छत्तीसगढ़

बालोद में मासूम की कब्र से सिर गायब, नींबू-चावल और मांस का टुकड़ा मिला…तंत्र क्रिया की आशंका, इलाके में दहशत

बालोद: गुंडरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी चौकी के ग्राम माहुद-बी में तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की कब्र से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार 9 अक्टूबर 2025 को प्रिया साहू पिता जितेंद्र साहू की मृत्यु के बाद परिजनों ने उसे गांव के मुक्तिधाम मार्ग के पास दफनाया था।रविवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने दफन स्थल को अस्त-व्यस्त देखा। वहां कटा नींबू, मिट्टी के दीये, चावल, अगरबत्ती और मांस का टुकड़ा पड़ा मिला। इसे देखकर ग्रामीणों ने तंत्र-मंत्र के संदेह में पुलिस को सूचना दी

पुलिस पहुंची, खुदाई की मांग

सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृत बच्ची के पिता ने चौकी प्रभारी को आवेदन देकर कब्र की खुदाई कर जांच कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुंडरदेही एसडीएम प्रतिमा ठाकरे से अनुमति ली गई।

चार फीट खुदाई में मिला कंकाल

दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर पुलिस, राजस्व अमले और ग्रामीणों की मौजूदगी में खुदाई शुरू की गई। करीब चार फीट खुदाई के बाद बच्ची का कंकाल दिखाई दिया। जब सावधानीपूर्वक आगे प्रक्रिया बढ़ाई गई तो शव से सिर गायब मिला। यह देखकर ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ गया।

खुदाई के दौरान हल्दी चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू, अतिरिक्त तहसीलदार हेमंत पैकरा, कोटवार गंगाराम साहू, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

फॉरेंसिक जांच की तैयारी

निकाले गए कंकाल को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। अधिकारियों ने बताया कि कंकाल को पहले गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जाएगा और फिर फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। उच्चाधिकारियों से मार्गदर्शन लेने के बाद वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी।

गांव में दहशत और आक्रोश

घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने सोमवार को गांव स्तर पर बैठक बुलाने का निर्णय लिया है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर पंचनामा बनाकर बीएनएस की धारा 301 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। अधिकारी मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं और तंत्र-मंत्र के नाम पर दहशत फैलाने वाले आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button