छत्तीसगढ़

1 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से पचराही–बोदा सड़क निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन

1 करोड़ 77 लाख रुपए की लागत से पचराही–बोदा सड़क निर्माण कार्य का हुआ भूमिपूजन

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के नेतृत्व में जिले में लगातार हो रहा विकास कार्यकवर्धा, 07 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 77 लाख 99 हजार रुपये की लागत से पचराही से बोदा तक 5 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ विकास की नई राह खोलेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू एवं पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशी राम धुर्वे, श्री रामकिंकर वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष श्री नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य श्री रूपसिंह धुर्वे, श्री नितेश अग्रवाल, श्री मोहनसिंह धुर्वे, श्री कांशीराम उइके, श्री अमित वर्मा, श्री नंदे पटेल, श्री नरेश चंद्रवंशी, श्री विश्वनाथ मेरावी, श्री हरिचंद मेरावी, रमेश मेरावी, श्रीमति उर्मिला साकत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू ने अपने संबोधन में कहा कि उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा के कुशल नेतृत्व में जिले में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। गाँव से लेकर शहर तक अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़े-बड़े कार्य धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में जिले को नई दिशा मिल रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में घोठिया में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है, जो जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। उन्होंने आगे कहा कि पचराही-बोदा सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, किसानों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुँचाने में आसानी होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस सड़क के निर्माण से पचराही, बोदा सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य स्वीकृत हो रहे हैं और आम जनता को उसका सीधा लाभ मिल रहा है। डॉ. साहू ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचे और यह सड़क उसी दिशा में एक ठोस कदम है।

Related Articles

Back to top button