छत्तीसगढ़

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने समय-सीमा की बैठक में विकास कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने समय-सीमा की बैठक में विकास कार्यों में प्रगति लाने के दिए निर्देश

जिले के 8 गांवों में विद्युत उपकेंद्रों स्थापना की प्रगति की समीक्षा की

जिले में 9 से 18 फरवरी तक वजन त्यौहार का होगा आयोजन

सरदार पटेल मैदान में 10 फरवरी को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह, तैयारी करने के दिए निर्देश

जनमन योजना के तहत सभी विकास कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के दिए निर्देश

कवर्धा, 03 फरवरी 2026। जिले में विकास कार्यों को गति देने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में पीएम आवास, जनमन योजना, पीएम सूर्य घर योजना, जल जीवन मिशन, भू-अर्जन प्रकरण, आकांक्षी विकासखंड बोड़ला सहित आधारभूत संरचना से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य आपसी समन्वय, गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ पूर्ण किए जाएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री विनय पोयाम, श्री नरेन्द्र पैकरा, डिप्टी कलेक्टर श्री आरबी देवांगन सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह शासन की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी योजना है, जिसमें गति लाने की आवश्यकता है। उन्होंने योजना की प्रगति तेज करने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। इस दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री आदर्श संरचना विकास योजना के अंतर्गत जिले में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना की प्रगति की भी जानकारी ली। जिले के 8 गांव सोमो, दुबह, कोयलारीडीह, सरेखा, नया बस स्टैंड कवर्धा, दलदली, पौनी एवं भूवालपुर में विद्युत उपकेंद्र स्थापना की स्वीकृति मिली है। कलेक्टर श्री वर्मा ने इन सभी स्थानों पर उपकेंद्र स्थापना के लिए की जा रही आवश्यक कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की और निर्देश दिए कि यदि कहीं कोई बाधा या समस्या आ रही हो तो उसका तत्काल निराकरण करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने भू-अर्जन के प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में लंबित भू-अर्जन मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए और इस कार्य में तेजी लाई जाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि जिले में गौ-धाम का शुभारंभ आगामी दिनों में किया जाएगा। उन्होंने पशुपालन विभाग को इसके लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आकांक्षी विकासखंड बोड़ला के अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके लिए तिथियां निर्धारित की गई हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत संचालित प्रत्येक गतिविधि एवं कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि अभियान के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम नागरिकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
जिले में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के समग्र विकास और पोषण स्तर को ध्यान में रखते हुए 9 से 18 फरवरी तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों के वजन की जांच कर कुपोषण की पहचान की जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने वजन त्यौहार के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग के साथ आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने बताया कि जिले में 10 फरवरी को सरदार पटेल मैदान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि अब आंगनबाड़ी केंद्रों में न्योता भोज की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया जा सकेगा।
कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने जिले में संचालित जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने आवास निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, छात्रावास, सड़क निर्माण तथा बिजली व्यवस्था से संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जनमन योजना के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों में निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ प्रगति लाई जाए। उन्होंने संबंधित विभागों एवं क्रियान्वयन एजेंसियों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि योजना अंतर्गत कोई भी स्वीकृत कार्य अप्रारंभित नहीं रहना चाहिए और सभी कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्णता की दिशा में आगे बढ़ाया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button