मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवागढ़ प्रवास पर होगी विकास की ऐतिहासिक सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नवागढ़ प्रवास पर होगी विकास की ऐतिहासिक सौगात
₹16,554.37 लाख के 44 विकास कार्यों का होगा भूमिपूजन एवं लोकार्पण
प्रस्तावित दौरे मे नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में बड़ा कदम, स्वास्थ्य, सड़क, जल संसाधन, पंचायत एवं नगरीय निकायों के कार्य शामिल
नवागढ़ को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, 44 कार्यों को मिलेगी स्वीकृति
मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में बेमेतरा जिले में अधोसंरचना सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
देव यादव सबका संदेश न्यूज बेमेतरा नवागढ़
बेमेतरा 27 दिसंबर 2025:- छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम अंतर्गत नवागढ़ प्रवास पर क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त होगी । इस अवसर पर नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न विभागों के कुल 44 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्य किया जायेगा , जिनकी कुल प्रशासकीय स्वीकृत राशि ₹16,554.37 लाख है। इन विकास कार्यों से स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, जल संसाधन, ग्रामीण एवं नगरीय अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ-साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 विकास कार्य का भूमिपूजन किया जायेगा , जिसकी लागत ₹1,806.92 लाख है। वहीं लोक निर्माण विभाग, संभाग बेमेतरा द्वारा सड़क एवं भवन निर्माण के क्षेत्र में 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जायेगा , जिनकी कुल लागत ₹11,577.29 लाख है, जिससे क्षेत्रीय संपर्कता एवं यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। पेयजल एवं जलापूर्ति व्यवस्था को सशक्त करने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, संभाग बेमेतरा के अंतर्गत 2 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जायेगा , जिनकी लागत ₹353.91 लाख है। सामाजिक न्याय एवं समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 विकास कार्य का भूमिपूजन ₹191.51 लाख की लागत से किया जायेगा ।
ग्रामीण संपर्कता को सुदृढ़ करने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जिला बेमेतरा अंतर्गत 1 सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन ₹313.42 लाख की लागत से संपन्न होगा । इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, जिला बेमेतरा के अंतर्गत 2 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹120.69 लाख की लागत से तथा 2 विकास कार्यों का लोकार्पण ₹130.42 लाख की लागत से किया जायेगा । इस प्रकार मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत कुल 4 विकास कार्य ₹251.11 लाख की लागत से शामिल होंगे । जल संरक्षण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में जल संसाधन विभाग, संभाग बेमेतरा द्वारा 1 विकास कार्य का भूमिपूजन ₹424.31 लाख की लागत से किया जायेगा । ग्रामीण विकास को गति प्रदान करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹647.82 लाख की लागत से संपन्न किया जायेगा । नगरीय अधोसंरचना विकास के तहत नगर पंचायत नवागढ़ में 7 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹489.84 लाख की लागत से तथा 1 विकास कार्य का लोकार्पण ₹20.00 लाख की लागत से किया जायेगा । इस प्रकार नगर पंचायत नवागढ़ अंतर्गत कुल 8 विकास कार्य ₹509.84 लाख की लागत से शामिल होंगे । वहीं नगर पंचायत मारो में 3 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹247.24 लाख की लागत से संपन्न किया जायेगा ।
इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत बेमेतरा अंतर्गत 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹231.00 लाख की लागत से किया जायेगा , जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी। समग्र रूप से इस अवसर पर 39 विकास कार्यों का भूमिपूजन ₹16,050.04 लाख की लागत से तथा 5 विकास कार्यों का लोकार्पण ₹504.33 लाख की लागत से किया जायेगा । इस प्रकार कुल 44 विकास कार्यों के लिए ₹16,554.37 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य, सड़क, जल संसाधन, ग्रामीण एवं नगरीय अधोसंरचना के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक निर्णायक पहल है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ प्राप्त होंगी, विकास कार्यों में गति आएगी तथा नवागढ़ सहित जिला बेमेतरा की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
घोषित विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, जल संसाधन विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा विभाग, खेल एवं युवा कल्याण सहित अन्य विभागों के कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन, पुल-पुलिया, सामुदायिक भवन, शैक्षणिक अधोसंरचना, खेल सुविधाएं, सामाजिक एवं जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जाएंगे। विभागवार विवरण के अनुसार लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत महत्वपूर्ण सड़क एवं भवन निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा। जल संसाधन विभाग के कार्यों से सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि की संभावना बनेगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्य ग्रामीण अधोसंरचना को सशक्त बनाएंगे, वहीं महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग के कार्य सामाजिक विकास को मजबूती प्रदान करेंगे।
इन विकास कार्यों की स्वीकृति से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे श्रमिकों और युवाओं को लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सड़क, शिक्षा, जल, सामाजिक एवं सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नवागढ़ क्षेत्र के लिए इतनी बड़ी संख्या में विकास कार्यों की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि यह निर्णय नवागढ़ के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर आने वाले समय में और अधिक बदलेगी। कुल मिलाकर, 28 दिसंबर 2025 को नवागढ़ के लिए घोषित ये विकास कार्य क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे तथा “विकास के साथ विश्वास” की भावना को और सुदृढ़ करेंगे।



