दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत नैनपुर जंक्शन में रेलवे रनिंग स्टाफ के लिए आधुनिक रनिंग रूम की सुविधा

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के अंतर्गत नैनपुर जंक्शन में रेलवे रनिंग स्टाफ के लिए आधुनिक रनिंग रूम की सुविधा
दपूमरे, नागपुर मंडल – 26 दिसम्बर 2025/ साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा रेल परिचालन से जुड़े रनिंग स्टाफ के कल्याण एवं कार्यदक्षता को ध्यान में रखते हुए नैनपुर में एक नया एवं अत्याधुनिक रनिंग रूम तैयार किया गया है। यह सुविधा ड्यूटी पर कार्यरत लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं गार्ड जैसे रनिंग कर्मचारियों को विश्राम हेतु आरामदायक एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करेगी।
इस महत्वपूर्ण परियोजना को दीपक कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, नागपुर के कुशल मार्गदर्शन में पूरा किया गया। निर्माण एवं सुविधाओं के विकास कार्य का सफल क्रियान्वयन अर्पित सरन, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) एवं नेहल नारायणे, मंडल अभियंता (उत्तर) की देखरेख में किया गया।
नया रनिंग रूम आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है, जिसमें स्वच्छ एवं आरामदायक शयन कक्ष, स्वच्छता सुविधाएं, पीने के पानी की व्यवस्था, उचित प्रकाश एवं वेंटिलेशन सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं से रनिंग स्टाफ को ड्यूटी के बीच पर्याप्त विश्राम मिलेगा, जिससे उनकी शारीरिक एवं मानसिक ताजगी बनी रहेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कर्मचारियों को बेहतर विश्राम सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने से उनकी कार्यक्षमता, सतर्कता एवं निर्णय लेने की क्षमता में सकारात्मक सुधार होगा। इसका प्रत्यक्ष लाभ ट्रेन परिचालन की सुरक्षा, समयपालन एवं सुचारू संचालन के रूप में सामने आएगा।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि कर्मचारियों के कल्याण हेतु की गई ऐसी पहलें न केवल संगठन की कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवा उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होती हैं।




