नक्सलगढ़ बीजापुर में संचार क्रांति का सवेरा, कोंडापल्ली में मोबाइल टावर स्थापित, लोगों में खुशी

बीजापुर: नक्सलगढ़ बीजापुर में नियद नेल्लानार योजना का असर दिख रहा है. यहां के लोगों के जीवन में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है. 5 दिसंबर 2025 को बीजापुर के कोंडापल्ली में संचार क्रांति का विस्तार हुआ. यहां गांव में पहली बार मोबाइल नेटवर्क पहुंचा. मोबाइल नेटवर्क पहुंचने से गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.
कोंडापल्ली धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र
बीजापुर का कोंडापल्ली क्षेत्र तेलंगाना और छत्तीसगढ़ पर स्थित है. यह एक घना वनांचल एरिया है. कोंडापल्ली कई वर्षों से सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधाओं से वंचित था. जब गांव में मोबाइल टावर की स्थापना हुई तो यहां के लोगों में खुशी का संचार हो गया.
कोंडापल्ली गांव में मोबाइल टॉवर स्थापित होना स्थानीय समुदाय के लिए केवल तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि दुनिया से जुड़ने का प्रतीक बन गया. यहां के लोग देश दुनिया से खुद को जुड़ा हुआ महसूस करने लगे. इस गांव में जैसे ही मोबाइल टावर के एक्टिव होने का ऐलान हुआ. लोगों के अंदर खुशी दौर पड़ी.
पूजा पाठ से हुई मोबाइल टावर की शुरुआत
मोबाइल टावर की लोगों ने पूजा पाठ के साथ शुरूआत की. कोंडापल्ली गांव के सभी पुरुष, महिलाएं और बच्चे रैली निकालकर टावर स्थल तक पहुंचे. उसके बाद विधि विधान से टावर की पूजा अर्चना की गई. जैसे ही मोबाइल टावर की शुरुआत हुई लोग खुशी से नाचने और झूमने लगे.
कोंडापल्ली गांव में दिखा उत्सव जैसा माहौल
मोबाइल टावर की पूजा अर्चना करने के बाद वहां मौजूद अधिकारियों ने टावर के एक्टिव होने की घोषणा की. इस खुशी के क्षण में सभी ग्रामीण खुश हो गए. इस उत्सव में केवल कोंडापल्ली ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के लोग भी शामिल हुए. ग्रामीणों ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि बाहरी दुनिया से जुड़ाव होने की खुशी का क्षण है.
मोबाइल नेटवर्क आने से लोगों को मिलेंगी सुविधाएं
गांव में मोबाइल टावर की स्थापना से लोगों में खुशी है. लोगों का कहना है कि अब उन्हें बैंकिंग, आधार, राशन और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का फायदा मिलेगा. इसके अलावा पेंशन और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़ी जानकारी के लिए मीलों का सफर नहीं करना पड़ेगा. लोगों को सभी तरह की सुविधाएं मुहैया होगी.
नियद नेल्लानार योजना से मिल रहा फायदा
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने नक्सल प्रभावित बस्तर के लिए नियद नेल्लानार योजना की शुरुआत की है. इस योजना का अर्थ होता है हमारे लोगों का घर या हमारे लोगों की राह. इस योजना के तहत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं. इसी योजना के तहत कोंडापल्ली में मोबाइल टावर की स्थापना हुई है. नियद नेल्ला नार योजना का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाकर लोगों में विश्वास बढ़ाना है. इस योजना के तहत बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बैंकिंग, संचार सहित कई सुविधाएं पहुंचाई जा रही है.
कोंडापल्ली में मोबाइल टावर शुरू, सीएम साय ने जताई खुशी
बीजापुर जिले के कोंडापल्ली में मोबाइल नेटवर्क के पहुंचने पर सीएम साय ने खुशी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर पोस्ट कर लिखा कि कोंडापल्ली में मोबाइल नेटवर्क का पहुंचना सिर्फ एक टावर का खड़ा होना नहीं है, यह उन लोगों के सपनों का उठ खड़ा होना है जो वर्षों से दुनिया से कटे हुए थे.
हमारी सरकार का संकल्प है कि बस्तर का हर गांव,हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, डिजिटल सुविधाओं तक पहुंचे और अवसरों के नए द्वार उनके लिए खुलें. यह सिर्फ संचार की शुरुआत नहीं, बल्कि विश्वास, बदलाव और नई संभावनाओं के युग की शुरुआत है- विष्णुदेव साय, सीएम, छत्तीसगढ़
नियद नेल्लानार योजना का असर
बस्तर में नियद नेल्लानार योजना का व्यापक असर दिख रहा है. इस योजना के तहत 69 नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना हुई है. करीब 409 गांवों में सामुदायिक सेवाओं की शुरुआत हुई है. इस तरह की कवायद से लोगों को कई तरह के फायदे हो रहे हैं. इसके तहत संचार कनेक्टिविटी का भी विस्तार हो रहा है. बीते दो सालों में इस क्षेत्र में 728 नए टावर स्थापित किए गए हैं.
कोंडापल्ली में नियद नल्ला नार योजना से तेज़ी से बदलाव आए हैं. दिसम्बर 2024 में कैम्प स्थापित होने के बाद पहली बार प्रशासन गांव तक नियमित रूप से पहुंचने लगा. यहां लंबे समय से बंद पड़ी सड़कों का दोबारा निर्माण शुरू हुआ है. जिसमें 50 किलोमीटर तक सड़क निर्माण का कार्य अभी जारी है. इस गांव में बिजली सेवा भी पहुंची है. बिजली पहुंचने से लोगों को पढ़ाई लिखाई में मदद मिल रही है. समय समय पर प्रशासन की तरफ से कोंडापल्ली में कैंप लगाए जा रहे हैं जिससे वहां के लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिल रही है.



