Indus Water Treaty Meeting: सिंधु जल संधि को लेकर अहम बैठक आज, जल शक्ति मंत्री समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री भी होंगे शामिल, जानें क्या होगा भारत का अगला एक्शन

दिल्ली। Indus Water Treaty Meeting: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर के लोगों में आक्रोश है। इसी कड़ी में सरकार ने 1960 के सिंधु जल संधि पर भी तत्काल रोक लगा दी गई है। वहीं इस जल संधि को लेकर आज गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।
बता दें कि, मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में पाकिस्तान के खिलाफ पांच सख्त फैसले लिए गए। जिसके तहत सिंधु जल समझौता रोका गया। करीब 21 करोड़ से ज्यादा की आबादी पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए सिंधु और उसकी चार सहायक नदियों पर निर्भर रहती है। वहीं पाकिस्तान में सिंधु और सहायक नदियों के पानी का 90 फीसदी हिस्सा सिंचाई के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसके बिना पड़ोसी मुल्क के किसानों की कमर टूट जाएगी।
Indus Water Treaty Meeting: भारत सरकार ने पाकिस्तान को एक पत्र लिखकर सिंधु जल संधि को स्थगित करने की जानकारी दी है। जल शक्ति मंत्रालय ने पाकिस्तान के जल संसाधन मंत्रालय को यह पत्र लिखा है। पत्र में कहा कि अच्छे रिश्तों के बिना सिंधु जल संधि को लागू करना संभव नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण यह संधि प्रभावित हो रही है। सरकार ने कहा कि, पाकिस्तान ने संधि की कई शर्तों को नहीं माना है और न ही भारत के साथ संधि के बारे में बातचीत के लिए तैयार हुआ है। इसलिए भारत सरकार ने फैसला किया है कि 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित किया जा रहा है।