Delhi Building Collapse Update: 11 तक पहुंची दिल्ली बिल्डिंग हादसे में मरने वालों की संख्या, राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

नई दिल्ली: Delhi Building Collapse Update: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शक्ति विहार इलाके में शनिवार तड़के एक बहुमंजिला आवासीय इमारत के ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और अन्य बचावकर्मियों की टीम ने राष्ट्रीय राजधानी के मुस्तफाबाद इलाके में तड़के करीब तीन बजे 20 साल पुरानी चार मंजिला इमारत के ढहने के बाद घटनास्थल पर 12 घंटे से अधिक समय तक बचाव कार्य चलाया। वहीं हादसे के दो दिन बाद भी मलबा हटाने का काम जारी है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने व्यक्त किया शोक
Delhi Building Collapse Update: पीएम मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे में शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ”दिल्ली के मुस्तफाबाद में एक इमारत गिरने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बच्चों और महिलाओं समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख
Delhi Building Collapse Update: वहीं, प्रधानमंत्री ने कहा कि, वे इस दुखद घटना से अत्यंत व्यथित हैं और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है.प्रधानमंत्री ने कहा कि, स्थानीय प्रशासन प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दयालपुर इलाके में इमारत गिरने से जानमाल के नुकसान से दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की मदद कर रहा है।
PMO ने किया मुआवजे का ऐलान
Delhi Building Collapse Update: प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह भी घोषणा की है कि हर मृतक के परिजन को दो लाख रुपए की मदद दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपए की राशि दी जाएगी।