भूपेश बघेल के सीएम बनने के बाद सिरसा गेट ओव्हरब्रिज पर अब बन सकती है बात
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2023/02/SABKA-SANDESHpng-1-300x77-1.png)
पिछले राज्य बजट में किया गया था प्रस्तावित
भिलाई। पाटन क्षेत्र के लगभग डेढ़ सौ से भी अधिक गांव को भिलाई-3 से जोडऩे वाली रेलवे के सिरसा गेट पर ओव्हरब्रिज निर्माण अब पूरी हो सकती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास तथा निर्वाचन क्षेत्र से जुड़े इस मुद्दे को राज्य बजट में जगह मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। लोक निर्माण विभाग ने पिछले राज्य बजट में इस बहुप्रतीक्षित मांग को प्रस्तावित किया था, लेकिन मद जारी करने में बरती गई हीला हवाला से बात बनते बनते रह गई।
भिलाई-3 सिरसा गेट पर ओवहरब्रिज बनाने की मांग को अब अमलीजामा पहनाया जा सकता है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ ही भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री बनने से इसकी उम्मीद बढ़ गई है। जनहित से जुड़े इस अहम मुद्दे पर अब तक महज श्रेय की राजनीति होती रही है। पिछले राज्य बजट में सिरसा गेट पर रेलवे ओव्हरब्रिज का मामला सिर्फ प्रस्तावित किया गया था। इसके लिए शासन की ओर से कोई मद जारी नहीं किया जा सका था। बावजूद इसके भाजपा के स्थानीय नेताओं ने जश्न मनाकर खूब वाहवाही लूटी थी। यहां तक की भाजपा कार्यकताओं में अपने आका नेताओं को श्रेय देते हुए आभार व्यक्त करने कभी होड मच गई थी। लेकिन साल भर बाद सिरसा गेट ओव्हरब्रिज का मामला जहां से शुरू हुआ था आज भी उसी स्थिति में वहीं पर अटका हुआ है।
गौरतलब रहे कि भिलाई-3 में मुंबई हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित सिरसा गेट से होकर गुजरी सडक़ मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र पाटन की डेढ सौ से भी अधिक गांव को शहर से जोड़ती है। इसके अलावा अहिवारा विधानसभा के सोमनी, गनियारी, मोरिद, सिरसाकला, देवबलोदा, जी केबिन तथा दुर्ग ग्रामीण के पुरैना व डुंडेरा जैसे गांव भी सिरसा गेट होकर भिलाई-3 से जुड़े हुए हैं। समय के साथ बढ़ी आबादी और रेलवे के पीपी यार्ड, एनएसपीसीएएल के पावर प्लांट तथा सिरसा कला में पार्थिवी इंजीनियरिंग कालेज बन जाने से सिरसा गेट पर यातायात का दबाव बढ़ है। दूसरी तरफ मुख्य रेलमार्ग पर तीसरी लाइन शुरू होने के बाद ट्रनों के गुजरने का अंतराल काफी कम हो जाने से दिन भर में कई बार यहां जाम लगती है। सिरसा गेट के उत्तर दिशा में महज 30 से 40 मीटर की दूरी पर फोरलेन सडक़ तथा दक्षिण दिशा में रेलवे यार्ड पर बने सीमित चौड़ाई वाले अण्डरब्रिज के चलते गेट बंद होते ही जाम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। हालांकि रेलवे की ओर से इसी स्थान पर यार्ड तथा मुख्य रेल मार्ग को जोड़ते हए एक नया अंडरब्रिज निर्माणाधीन है। लेकिन नेहरूनगर की तर्ज पर समानांतर ओव्हरब्रिज निर्माण की मांग भी आम जनता की ओर से बनी हुई है।
यहां पर यह बताना भी लाजिमी होगा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निवास भिलाई-3 में है। मुख्यमंत्री निवास आने वाले पाटन क्षेत्र के नागरिकों को सिरसा गेट से ही गुजरना पड़ता है।
इस दौरान होने वाली दिक्कत को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से सिरसा गेट ओव्हरब्रिज की सौगात इस बजट में दी जा सकती है। वहीं अहिवारा विधायक गुरु रुद्र कुमार के भी प्रदेश मंत्रीमंडल में शामिल रहने से इस बार रेलवे ओव्हरब्रिज के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की संभावना बढ़ गई है।