Today News and Live Updates 4 September 2024 : पीएम मोदी का विदेश दौरा, दिल्ली के LG की शक्तियां बढ़ी, राहुल गांधी की कश्मीर में चुनावी चुनावी रैली, यहां जानें आज की बड़ी खबरें

नई दिल्लीः Today News and Live Updates आज के दिन भारत के कई मायनों में खास है। पीएम मोदी ब्रुनेई की यात्रा पर हैं। आज दोनों देशों के बीच अब अहम समझौते हो सकते हैं। वहीं पेरिस पैरालंपिक में भारत का उम्दा प्रदर्शन जारी है। इसके अलावा राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर के दौरे पर हैं। वे वहां दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। तो चलिए जानते हैं कि आज देश-दुनिया में क्या खास रहने वाला है:-
पीएम मोदी का विदेश दौराः Today News and Live Updates प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रुनेई सुल्तान हाजी हसनल बोलकिया के निमंत्रण पर 3 और 4 सितंबर को ब्रुनेई की यात्रा पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ब्रुनेई का पहला द्विपक्षीय दौरा है। यह यात्रा उस वक्त हो रही है जब दोनों देश अपने राजनीयिक संबंधों की स्थापना के 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। यात्रा में दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। दोनों देश रक्षा क्षेत्र में सहयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए एक संयुक्त कार्य समूह बना सकते हैं। रक्षा के अलावा, इस यात्रा में ऊर्जा संबंधों को मजबूत करने और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करने पर जोर दिया जा सकता है।
राहुल गांधी का कश्मीर दौराः जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले फेज की वोटिंग से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी 4 सितंबर को दो चुनावी रैली करेंगे। इस दौरे पर राहुल गांधी की पहली रैली कश्मीर के अनंतनाग और दूसरी जम्मू के संगलदान में होगी। कांग्रेस महासचिव गुलाम अहमद मीर ने बताया कि इस दौरान राहुल गांधी नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए रैली को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम केवल पहले चरण के लिए है। वह अन्य चरणों के लिए फिर जम्मू-कश्मीर का दौरा कर सकते हैं।
पेरिस पैरालंपिक भारत का उम्दा प्रदर्शनः पैरिस पैरालिंपिक में भारत ने 20 मेडल जीत लिए हैं। छठे दिन देर रात को 5 मेडल मिले। विमेंस 400 मीटर में सबसे पहले दीप्ति जीवांजी ने ब्रॉन्ज जीता। फिर मेंस की एफ-46 कैटेगरी के जैवलिन थ्रो इवेंट में अजीत सिंह ने सिल्वर और सुंदर सिंह गुर्जर ने ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। वहीं मेंस टी-42 कैटेगरी के हाई जंप इवेंट में शरद कुमार ने सिल्वर और मरियप्पन थांगावेलु ने ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया। हाई जंप में अमेरिका के ईजरा फ्रेच और जैवलिन थ्रो में क्यूबा के गुलेर्मो गोन्जालेज ने गोल्ड मेडल जीता। हाई जंप में भारत के शैलेश कुमार चौथे स्थान पर रहे, जबकि जैवलिन थ्रो में रिंकू ने पांचवें नंबर पर फिनिश किया। भारत अब तक 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। देश ने कल 8 मेडल जीते थे, जबकि आज 5 मेडल मिले, पांचों एथलेटिक्स में रहे। 20 मेडल जीतकर भारत फिलहाल 17वें नंबर पर है। चीन पहले, ब्रिटेन दूसरे और अमेरिका तीसरे नंबर पर है।
दिल्ली के उपराज्यपाल की शक्ति बढ़ीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) की शक्तियां बढ़ा दी हैं। अब LG राजधानी में अथॉरिटी, बोर्ड, कमीशन या वैधानिक निकाय का गठन कर सकेंगे। इसके अलावा वे इन सभी बॉडीज में मेंबर्स की नियुक्ति भी कर सकेंगे। इससे पहले यह अधिकार दिल्ली सरकार के पास थे। गृह मंत्रालय ने मंगलवार देर रात LG की शक्तियां बढ़ाने से जुड़ा नोटिफिकेशन जारी किया। मंत्रालय ने बताया कि यह फैसला राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार अधिनियम, 1991 के तहत लिया गया है।
मौसम का हालः देश के अधिकांश राज्यों में बारिश का दौर जारी है। वहीं, गुजरात, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने 4 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वी गुजरात के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं विदर्भ, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी हिमालय, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, रायलसीमा, केरल और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश संभव है।