पूर्व बीएसपी अधिकारी और कार्टूनिस्ट पांडुरंगा राव की उपलब्धियों में प्राइड ऑफ भारत 24 का एक और पुरस्कार शामिल
पूर्व बीएसपी अधिकारी और कार्टूनिस्ट पांडुरंगा राव की उपलब्धियों में प्राइड ऑफ भारत 24 का एक और पुरस्कार शामिल

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र के पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक तथा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कार्टूनिस्ट बी वी पांडुरंगा राव का नाम भिलाईवासियों के लिए जाना-पहचाना है। 80 वर्षीय पांडुरंगा राव अब बेंगलुरू में रहते हैं और वे पांच दशकों से भी अधिक समय से शौकिया कार्टूनिस्ट हैं। अंग्रेजी, हिंदी और कन्नड़ में विभिन्न प्रकाशनों के लिए 10,000 से अधिक कार्टून बनाने, देश के विभिन्न स्थानों पर 55 एकल कार्टून प्रदर्शनियों का आयोजन करने के साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार जीतने वाले भी श्री पांडुरंगा राव का भिलाई से गहरा नाता है। भिलाई में ऐसे कई लोग हैं जो आज भी श्रीराव को उनकी उपलब्धियों और उनके कार्टूनों के लिए बधाई देते हैं। श्री राव भी भिलाईवासियों के प्रति उतना ही स्नेह रखते हैं। वे कहते हैं कि इस क्षेत्र में मैंने जो कुछ भी हासिल किया है, वह भिलाई इस्पात संयंत्र में काम करने के दौरान कार्टून बनाने के लिए अपने सहकर्मियों और वरिष्ठों से मिले प्रोत्साहन की बदौलत है। श्री पांडुरंगा राव ने राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय कार्टून प्रतियोगिताओं में 40 से अधिक पुरस्कार जीते हैं। उन्हें कार्टून फेस्टिवल नई दिल्ली – 2011 में डॉ ए पी जे अब्दुल कलाम द्वारा लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है।
श्री राव को हाल ही में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों और योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘आई कैन फाउंडेशन प्राइड ऑफ भारत 24 अवार्डÓ से सम्मानित किया गया है। उन्हें एक प्रमाण पत्र, पदक और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार वितरण समारोह 16 मार्च 2024 को जयपुर मेंआयोजित किया गया था। आई कैन फाउंडेशन एक प्रमुख स्वैच्छिक संगठन है, जो ऐसे व्यक्तियों की उपलब्धियों को मान्यता देता है, जिन्होंने अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और वे अपनी प्रतिभा से दूसरों को भी प्रेरित करते हैं। श्री राव को आई कैन फाउंडेशन ह्यूमैनिटेरियन नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 2020 भी मिला है। श्री राव ने 1994 से अब तक 350 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय कार्टून प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। उनके कार्टून 40 देशों में 150 से अधिक बार अंतर्राष्ट्रीय कार्टून प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत किये गए और प्रदर्शनियों एवं संग्रहालयों में प्रदर्शित किए गए हैं। श्री राव के कार्टून अब तीसरी हास्य प्रदर्शनी, चीन-2024 के लिए चुने गए हैं।