सिक्ख समाज ने धूमधाम से मनाया गुरूनानक जयंती

गृहमंत्री, विधायक एवं पूर्व विधायक ने गुरूद्वारा पहुंच टेका मत्था
गुरुद्वारों में गूंजे गुरुवाणी,गुरु का लंगर ग्रहण करने लोगों की उमड़ी भीड़
दुर्ग। सिक्खों के प्रथम गुरु गुरुनानक देव महाराज की 550 वीं जयंती मंगलवार को दुर्ग-भिलाई में सिक्ख समाज के लोगों द्वारा धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्थानीय स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा में श्री गुरुसिंघ सभा द्वारा मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां सुबह से ही अखंड पाठ एवं शब्द कीर्तन गूंजमान रहे। अखंड पाठ की समाप्ति उपरांत भजन -कीर्तन के माध्यम से गुरु नानकदेव के संदेशों को दोहराया गया। तत्पश्चात ज्ञानी गहेल सिंह ने गुरुनानक देव के जीवन पर आधारित कथा का वाचन किया। वहीं श्री गुरुग्रंथ साहेब में मत्था टेकने सिक्ख समुदाय के अलावा अन्य समाज के लोगों का दिनभर गुरुद्वारा में रैला लगा रहा। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक अरुण वोरा, पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आर.एन. वर्मा, नगर निगम सभापति राजकुमार नारायणी के अलावा अन्य राजनीतिक पार्टी के नेता भी मत्था टेकने गुरुद्वारा पहुंचे थे। यहां उन्होने मत्था टेककर शहर की सुख-समृद्धि के लिए कामना की। इस अवसर पर मंत्री व विधायक ने गुरुद्वारा के समाजसेवी कार्यो में योगदान देने के लिए चौहान फाउंडेशन के अध्यक्ष के.एस. चौहान, नवदृष्टि फाउंडेशन समिति के अलावा अन्य सहयोगियों का सम्मान किया। यह सम्मान चौहान फाउंडेशन को गुरु के लंगर में और नवदृष्टि फाउंडेशन को रक्तदान शिविर में सेवा देने के लिए दिया गया।
गुरुद्वारा साहिब के सेवादार अरविंदर सिंह खुराना ने बताया कि, 12 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में सुबह 9 बजे अखंड पाठ साहेब की समाप्ति हुई। इसके उपरांत 9.30 से 10.30 तक हजूरी जत्था भाई भोपाल सिंह जी लखनऊ वाले कीर्तन किया। 10.30 से 11.30 स्त्री सत्संग कीर्तन किया। इसके बाद भाई भोपाल सिंह ने 11.30 से 12.30 तक कीर्तन किया। 12.30 से 12.45 तक ज्ञानी घेयल सिंह जी गुरु नानक देव जी के जीवन के बारे में कथा की और उनके जीवन के बारे में बताया। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने आकर गुरु जी का आशीर्वाद लिया एवं बधाई दी।
विधायक अरुण वोरा, प्रतिमा चंद्राकर, आन.एन.वर्मा, सभापति नारायणी ने भी आके गुरु जी का आशीर्वाद लिया एवं बधाई संदेश दिया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रमुख सेवादारों ने मोमेंटो देकर उन सभी का स्वागत समान किया। अति.पुलिस अधीक्षक रोहित झा, सीएसपी विवेक शुक्ला एवं टीआई मोहन नगर नरेश पटेल ने भी गुरु जी का आशीर्वाद लिया।
दोपहर बाद गुरुद्वारे में गुरु के लंगर का आयोजन किया गया। जिसमें गुरु का लंगर ग्रहण करने लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। इस दौरान गुरुद्वारा श्री गुरुसिंघ सभा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष तरसेम सिंह ढिल्लो, महासचिव अरविन्दर सिंह खुराना, अवतार सिंह रंधावा, परमजीत सिंह भुई, राजू भाटिया, महेन्द्र सिंह खालसा, फत्तेसिंह भाटिया, मनदीप सिंह भाटिया, गुरुदीप सिंह भाटिया, सतविंदर सिंह, इंद्रपाल सिंह भाटिया, रायसिंह ढिकोला, रिम्पाल सिंह, कंवलजीत सिंह ओबेराय, कुलवंत भाटिया, भूपेन्द्रर सिंह, राजेन्द्र सिंह, जसपाल सिंह एवं सिक्ख समाज के अन्य लोग व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इसी प्रकार सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारे में जयंती के अवसर पर गुरुवाणी की गूंज रही। यहां मत्था टेकने सिक्ख समुदाय के अलावा अन्य समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे। गुरुद्वारे में रागी जत्था द्वारा शब्द कीर्तन का पाठ किया गया। लंगर ग्रहण करने यहां दिनभर सिक्ख समुदाय के अलावा अन्य समाज के लोग बड़ी संख्या में जुटे। गुरुनानक जयंती के अवसर पर स्टेशन रोड स्थित सिंधी धर्मशाला के सामने पूज्य सिंधी जनरल पंचायत के बैनरतले समाज द्वारा लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया।