विरोध के स्वर उठने के बाद बदले गए भिलाई निगम के चार एल्डरमेन

चरोदा में एक ठाकुर से दूर हुआ असमंजस्य
भिलाई। नगर निगम भिलाई के चार एल्डरमेन बदल दिए गए हैं। जी याकूब, विनोद बघेल, सुरेश सिन्हा व बद्रीनाथ बघेल के स्थान पर लोकेश साहू, मोहम्मद शादाब, नरसिंहनाथ व सुश्री सुनीता भैसारे को नया एल्डरमेन मनोनीत किया गया है। वहीं भिलाई-चरोदा में दिव्यांगजन कोटे से पूर्व में घोषित एक ठाकुर के नाम पर बनी असमंस्य की स्थिति को दूर करते हुए हेमंत ठाकुर का नाम स्पष्ट किया गया है।
नगरीय प्रशासन विकास विभाग ने बीते 31 अक्टूबर को जारी भिलाई निगम के एल्डरमेन मनोनयन के आदेश को संशोधित करते हुए घोषित चार नामों को बदल दिया है। इससे पहले जारी आदेश में भिलाई निगम के लिए जी याकूब, विनोद बघेल, सुरेश सिन्हा, संगीता सिंह, अरविंद राय, तरुण बंजारे, बद्रीनाथ बघेल, डी नागमणि, सुनील गोयल, राकेश राय एवं शमशेर बहादुर कांचा को एल्डरमेन मनोनीत किया गया था। इसकी घोषणा के साथ ही मुस्लिम समाज की ओर से किसी को भी मौका नहीं दिए जाने की बात पर विरोध के स्वर मुखर हुए थे। इसके अतिरिक्त कांग्रेस की स्थानीय राजनीति में भी नाराजगी पनपने की चर्चा चल रही थी। अंतत: संशोधन के बाद 11 नवंबर को नगरीय प्रशासन विकास विभाग के अवर सचिव के हस्ताक्षर से जारी नये आदेश में जी याकूब, विनोद बघेल, सुरेश सिन्हा व बद्रीनाथ बघेल के मनोनयन को शून्य घोषित कर चार ने एल्डरमेन मनोनीत कर दिया गया है। इसी कड़ी में भिलाई चरोदा निगम के लिए नौ एल्डरमेन की घोषणा हुई थी। जिसमें से दिव्यांगजन कोटे से श्री एक ठाकुर के नाम का उल्लेख था। इस नाम का कोई भी व्यक्ति भिलाई-चरोदा में निवासरत नहीं होने से असमंजस्य की स्थिति बनी हुई थी। इसे दूर करते हुए नये आदेश में हेमंत ठाकुर को दिव्यांगजन कोटे से एल्डरमेन मनोनीत किया गया है।



