छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

बीएसपी के उप मुख्य अग्रिशमन अधिकारी सोनटके हुए सम्मानित

भिलाई। 14 वाँं अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन और एक्सपो फायर इण्डिया 2019 में बीएसपी के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए.आर.सोनटके सम्मानित। हाल ही में नई दिल्ली के प्रगति मैदान में इन्स्टीट्यूट ऑफ फायर इंजीनियर्स द्वारा 14वें अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन और एक्सपो फ ायर इण्डिया 2019 का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अग्नि का सुरक्षित प्रयोग और आपदा मुक्त भारत से सुरक्षित भारत का निर्माण विषय पर सम्मेलन और प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने इस समारोह हेतु निर्धारित विषय पर केन्द्रित प्रमुख व्याख्यान दिया। इससे पूर्व इस समारोह का उद्घाटन भारत सरकार के महानिदेशक फायर सर्विसेज सिविल डिफेंस और होम गाड्र्स एम.नागेश्वर राव ने किया।

इस सम्मेलन में विभिन्न संगठनों से 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 18 देशों के अग्नि सुरक्षा उद्योग से 160 प्रमुख अन्तर्राष्ट्रीय निर्माताओं द्वारा प्रदर्शनी में उनकी उन्नत प्रौद्योगिकी, उत्पादों और नवीनतम अग्नि सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।  सम्मेलन के छह तकनीकी सत्रों के दौरान, विश्व भर के प्रख्यात और अग्नि सेवा के पेशेवर विशेषज्ञों ने अपने पेपर प्रस्तुत किए। इस अवसर पर भिलाई इस्पात संयंत्र के उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ए. आर.सोनटके ने आपदा प्रबंधन के तीसरे तकनीकी सत्र में अपना तकनीकी पेपर प्रस्तुत किया, जिसका शीर्षक था आपदा सहने योग्य ऐसे अधोसंरचना का विकास करें जिससे आपदा के पश्चात् न्यूनतम समय में स्थिति को सामान्य किया जा सके। इस हेतु निर्माण के दौरान ही आपदा के रोकथाम के उपाय कर किए जाए। अपनी प्रस्तुति में उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कैसे रचनात्मक और अभिनव आपदा रोधी बुनियादी ढांचे को विकसित करके समुदाय या राष्ट्र पर आपदा के प्रभावों को कम किया जाए।  ए.आर.सोनटके भारत और विभिन्न अन्य देशों के 26 मुख्य वक्ताओं के बीच इस्पात क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र वक्ता थे। उनके प्रस्तुति में किए गए अभिनव प्रयोग तथा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी की उपस्थित प्रतिनिधियों ने भरपूर सराहना की। विदित हो कि, दिल्ली फायर सर्विसेस के सेवानिवृत्त निदेशक ए.के.शर्मा ने इस सत्र की अध्यक्षता की। उन्होंने स्मृति चिन्ह प्रदान कर श्री सोनटके का सम्मान किया।

Related Articles

Back to top button