भिलाई तीन चरोदा निगम कर्मचारियों को मिला अक्टूबर का वेतन अधिकारी-कर्मचारियों को मिली आंशिक राहत

भिलाई। भिलाई -चरोदा नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों के अक्टूबर माह का वेतन बुधवार को उनके बैंक खाते में पहुंच गया है। इसके साथ ही दो महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान अधिकारी . कर्मचारियों को आंशिक राहत मिली है। अब नवंबर महीने का वेतन भुगतान शेष रह गया है।
भिलाई-चरोदा नगर निगम में वेतन भुगतान अनियमित होने से अधिकारी व कर्मचारियों के पारिवारिक दायित्व निर्वहन में अड़चन आ रही है। बीते अक्टूबर महीने में दो चरणों में अगस्त और सितंबर का वेतन भुगतान किया गया था।
उसके बाद दिसंबर महीना शुरू होने के बावजूद अक्टूबर और नवंबर का वेतन भुगतान नहीं होने से अधिकारी और तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस बात को दैनिक अग्रदूत ने 6 दिसंबर के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित करते हुए अधिकारी . कर्मचारियों की पीड़ा को व्यक्त किया।
खबर प्रकाशित होने के अगले दिन 7 दिसंबर को महापौर निर्मल कोसरे ने फिलहाल अक्टूबर महीने का वेतन अधिकारी-कर्मचारियों के खाते में भेजने का निर्देश दिया।
गौरतलब रहे कि भिलाई-चरोदा नगर निगम में 187 नियमित अधिकारी और कर्मचारियों हैं। इनमें से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कुछ पूर्व बकाया वेतन का भुगतान किया जा चुका है। इसके साथ ही प्लेसमेंट कर्मचारियों का भी वेतन भुगतान नियमित रूप से हो रहा है। लेकिन पर्याप्त राशि के अभाव में अधिकारी और तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का वेतन भुगतान दो महीने से नहीं हो पा रहा था।
इस वजह से अधिकारी . कर्मचारियों को घर चलाने में दिक्कत हो रही थी। कुछ कर्मचारियों को बैंक में किश्त भुगतान के लिए परेशानी उठानी पड़ी। अब जब एक माह का लंबित वेतन खाते में आ गया है तो अधिकारी और कर्मचारियों को आंशिक रूप से राहत
मिली है।