*निवर्तमान कलेक्टर भोसकर विलास सन्दीपान को समस्त विभागीय अफसरों ने ज़िला से दी भावभीनी विदाई*

*बेमेतरा:-* निवर्तमान कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान को आज यहां संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में भावभीनी बिदाई दी गई। ज्ञात हो कि राज्य शासन द्वारा हाल ही में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की स्थानांतरण सूची जारी की गई थी, जिसमें कलेक्टर भोसकर को मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के पद पर पदस्थ किया गया है। निवर्तमान कलेक्टर ने कहा कि बेमेतरा जिले में पदस्थापना के दौरान जिले के आम नागरिकों, अधिकारियों व कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला। बेमेतरा एक शांत प्रिय जिला है। शांति व्यवस्था कायम रखने पुलिस प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह ने कहा कि कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिले में उनके साथ कार्य करने का मौका मिला। वे जहां भी जाये अपनी विशेष पहचान स्थापित करेंगे। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती लीना मण्डावी ने कहा कि कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में मनरेगा के अनेक कार्य संपादित कराये गये। आगे भी समय समय पर उनका मार्गदर्शन हमे मिलता रहेगा। अपर कलेक्टर डॉ. अनिल बाजपेयी ने कहा कि कलेक्टर के रूप में भोसकर एक सुलझे हुए अधिकारी हैं उनके मार्गदर्शन में उनसे बहुत कुछ सिखने को मिला। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेमेतरा दुर्गेश वर्मा को भी इस कार्यक्रम के दौरान भावभीनी बिदाई दी गई और उनके सुखद एवं उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
ज्ञात हो कि 07 जून 2021 को बेमेतरा जिले के 8वें कलेक्टर के रूप में श्री भोसकर ने अपना कार्यभार ग्रहण किया था। इस अवसर पर डी.ई.ओ.- अरविंद मिश्रा, कार्यपालन अभियंता लो.नि.वि. – निर्मल सिंह ठाकुर, ए.एस.पी.- पंकज पटेल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), नवागढ़ श्री प्रवीण तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बेरला संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर- विश्वास राव म्हस्के, सहायक आयुक्त अजाक-मेनका चंद्राकर, नायब तहसीलदार- रोशन साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किये।