छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

मुख्यमंत्री के निर्देश पर की जा रही है लोगों के लिए जगह जगह ठंडे पानी की व्यवस्था लू चलने की चेतावनी के बाद एलर्ट मोड में भिलाई निगम

भिलाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश को भिलाई नगर निगम ने अमलीजामा पहनाना तेज कर दिया है। अगले 24 घंटे में भीषण लू चलने की चेतावनी के बाद निगम का अमला एलर्ट मोड में आ गया है। तकनीकी दिक्कतों से बंद पड़े वाटर कूलर को ठीक कराने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पानी भरे मटके रखे जा रहे हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के भीतर भिलाई-दुर्ग में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की चेतावनी जारी किया है। इसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। नगर निगम भिलाई द्वारा इसका पालन किया जा रहा है। निगम के सुपेला स्थित मुख्य कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ही पानी भरकर कईं मटके रखवाए गए हैं। यहां पर फोरलेन सड़क से गुजरने वाले रुककर अपना गला तर कर रहे हैं। इस तरह का इंतजाम कुछ और जगहों पर भी किया जा रहा है।

यहां पर यह बताना भी लाजिमी होगा कि भिलाई निगम क्षेत्र में फोरलेन सहित टाउनशिप के विभिन्न चौक-चौराहों पर सामाजिक संगठनों के माध्यम से स्थायी तौर पर प्याऊ संचालित किया जा रहा है। फोरलेन सड़क पर पावरहाउस, चंद्रा-मौर्या, सुपेला व नेहरू नगर चौक में निगम की प्रदत्त जमीन पर सामाजिक संगठनों ने वाटर कूलर लगा रखा है। इस तरह के वाटर कूलर टाउनशिप के कुछ चौराहों पर भी संचालित है। इसके अलावा निगम द्वारा भी अनेक वार्डों में आरओ वाटर कूलर स्थापित कर आम लोगों को ठंडे पानी की व्यवस्था दी जा रही है।

भिलाई-चरोदा में की जा रही व्यवस्था:कोसरे
भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की भावना और निर्देश के अनुरूप आगामी दिनों में भीषण लू चलने की संभावना को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। निगम कार्यालय में आगंतुकों के लिए पानी से भरे मटके की अतिरिक्त व्यवस्था की जा चुकी है। शुक्रवार से सिरसा चौक पर सार्वजनिक प्याऊ खोलने की तैयारी है। इसके अलावा सामाजिक संगठनों को भी प्याऊ संचालित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button