गौठान में बने मल्टी एक्टिविटी सेंटर से गांव की सभी महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर प्राप्त करेंगी रोजगार All the women of the village will get employment by joining economic activities from the multi activity center built in Gauthan.
गौठान में बने मल्टी एक्टिविटी सेंटर से गांव की सभी महिलाएं आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर प्राप्त करेंगी रोजगार
कलेक्टर श्री रघुवंशी ने कोचवाही गौठान के मल्टीयूटीलिटी सेंटर का किया निरीक्षण
नारायणपुर 25 मार्च 2022-कलेक्टर श्री ऋतुराज रघुवंशी ने आज नारायणपुर विकासखंड के ग्राम कोचवाही में संचालित गौठान का निरीक्षण क़िया। इस दौरान उन्होंने गौठान में निर्मित मल्टीयूटीलिटी सेंटर में स्व सहायता समूह द्वारा किये जा रहे कार्यों को देख कलेक्टर ने कहा कि यह मल्टीएक्टिविटी सेंटर स्व सहायता समूह की महिलाओं के आर्थिक गतिविधियों का केन्द्र है। कलेक्टर रघुवंशी ने महिलाओं द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली, महिलाओं ने बताया कि वे अब तक पेवर ब्लाक, जाली निर्माण, बाड़ी, गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट एवं मुर्गी पालन सम्बंधित कार्य कर रही हैं। कलेक्टर ने महिला समूह द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की और उनके उत्साह को देखते हुए सभी समूह को अलग-अलग कार्यों में जोड़ने कहा। उन्होंने कहा कि ग्राम की सभी महिलाओं को जोड़कर महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है।
कलेक्टर श्री रघुवंशी ने कहा कि समूह के कार्यों का विस्तार करते हुए सभी को फ़ूड प्रोसेसिंग के कार्यों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाज को नया रूप देते हुए कुकीज बनाया जाएगा। इसी प्रकार रागी, कुटकी, शहद, कोदो एवं मल्टी ग्रेन कुकीज बनाने के कार्य मे लगाया जाएगा। वहीं जिले में बहुतायात में पाये जाने वाले छिंद के रस से गुड़ भी बनाया जाएगा। इन सभी कार्याे का पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग भी किया जाएगा। उन्होंने समूह की महिलाओं को कहा कि उत्पादन का कार्य होने के बाद विक्रय की समस्या नही होगी। कलेक्टर श्री रघुवंशी ने समूह की महिलाओं को बताया कि उनके द्वारा उत्पादित सामानों को शासन द्वारा खोले जा रहे सी मार्ट के माध्यम से बेचा जायेगा। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान में संचालित अन्य गतिविधियां सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, ऑस्ट्रेलियन केचुआ वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन कार्यों को भी देखा। इस दौरान कलेक्टर ने डुमरतराई ग्राम में संचालित गौठान एवं जम्हरी में संचालित बालक आश्रम की व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये। इस अवसर पर एसडीएम श्री जितेन्द्र कुर्रे, डिप्टी कलेक्टर श्री वैभव क्षेत्रज्ञ, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री संजय चंदेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नारायणपुर श्री घनश्याम जांगड़े, सहायक संचालक रेशमपालन श्री आईके बागरी के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।