Uncategorized

अडरब्रिज निर्माण से प्रभावित व्यापारियों से मिलने पहुंची सांसद सरोज

कहा जनता व व्यापारी हितो का रखा जाएगा ध्यान

कैट व चेम्बर ऑफ कामर्स ने भी स्थल परिवर्तन पर दिया जोर

दुर्ग। धमधानाका रेल्वे क्रासिंग के पास सिकोलाभाठा भारत माता चौक से आईएमए चौक तक प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण के स्थल परिवर्तन को लेकर आंदोलनरत् व्यापारी संघ के समर्थन में बुधवार को भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पप्तांडेय सिकोलाभाठा पहुँची। इस दौरान उन्होंने रेल्वे, पीडब्ल्यूडी, निगम अधिकारियों व व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया एवं अधिकारियों से आवश्यक चर्चा की। व्यापारी संघ ने प्रस्तावित स्थल पर अंडरब्रिज निर्माण से व्यापारियों व जनता को परेशानी होने का हवाला देते हुए सुश्री पांडेय से स्थल परिवर्तन की पुरजोर मांग की। इस दौरान व्यापारी संघ द्वारा उन्हे रेल्वे मालधक्का की ओर से मोहननगर तक अंडरब्रिज निर्माण का प्रस्ताव दिया गया। नए स्थल पर अंडरब्रिज निर्माण पर अपना पक्ष रखते हुए व्यापारी संघ ने सुश्री पांडेय को बताया कि इस स्थल पर अंडरब्रिज निर्माण से व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित नहीं होगा और जनता को भी आवागमन में सुविधा होगी। व्यापारी व जनता हित में नए स्थल पर अंडरब्रिज निर्माण उपयुक्त होगा। राज्यसभा सदस्य सुश्री सरोज पांडेय ने व्यापारी संघ का पक्ष सुनकर रेल्वे, पीडब्ल्यूडी व निगम अधिकारियों को जनता व व्यापारी हित को ध्यान में रखकर अंडरब्रिज निर्माण के निर्देश दिए है। इस संबंध में उन्होने अधिकारियों को अंडरब्रिज निर्माण के कार्ययोजना से 8 दिनों के भीतर अवगत करने कहा है। सुश्री पांडेय ने कहा है कि 8 दिनों के बाद अधिकारियों के साथ फिर बैठक करेंगे। जनता व व्यापारी हित में जो उचित होगा। उसी आधार पर अंडरब्रिज निर्माण कार्य को गति प्रदान की जाएगी। राज्यसभा सदस्य सुश्री पांडेय के निरीक्षण के दौरान कान्फरडेशन ऑलइंडिया ऑफ ट्रेडर्स(कैट) के जिलाध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन बडज़ात्या, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के जिलाध्यक्ष अशोक राठी भी मौजूद थे। उन्होने व्यापारियों एवं जनता की समस्या के मद्देनजर प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण स्थल में परिवर्तन पर जोर दिया। सिकोलाभाठा-मोहननगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष विनय तिवारी, सिकोलाभाठा भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश दीक्षित, सुनील जायसवाल, प्रशांत शर्मा, जाँन डिसूजा, संताष यादव, सुरेश चौरसिया, दिनेश सचदेव, महमूद खान, मो.मुज्मिल, मनहरनलाल देवांगन, शक्ति लोनकर, निखिल सचदेव, शरद वर्मा, उमेश उमरेटकर, राजीव, सहेता चंद्रशेखर यादव, आनंद खंडेलवाल एवं अन्य व्यापरियों ने सुश्री पांडेय के सार्थक पहल पर उनके प्रति आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button