रुद्र गुरु को मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने से भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र में हर्ष का माहौल

विजय जैन व कृष्णा चंद्राकर का भी कद बढ़ा
भिलाई। अहिवारा विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक गुरु रुद्र कुमार को राज्य मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने से भिलाई-चरोदा निगम क्षेत्र में भारी हर्ष का माहौल है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव में भाजपा के वर्चस्व को तोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले निगम सभापति विजय जैन और जिला कांग्रेस महामंत्री कृष्णा चंद्राकर के राजनीतिक कद भी बढ गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह क्षेत्र होने तथा विधायक गरु रुद्र कुमार के मंत्री बनने से भिलाई-चरोदा निगम की नहीं बल्कि पूरे अहिवारा विधानसभा को विकास की बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद जाग उठी है।
यहां पर यह बताना भी लाजिमी होगा कि अहिवारा विधानसभा में पिछले 10 साल से भाजपा का कब्जा था। इस बार गुरु रुद्र कुमार ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अहिवारा विधानसभा से भाजपा को बेदखल कर दिया। इसमें भिलाई-चरोदा निगम के सभापति विजय जैन और जिला कांग्रेस महामंत्री कृष्णा चंद्राकर की चुनावी रणनीति प्रमुख रही है। इन दोनों नेताओं को चुनावी राजनीति का कुशल रणनीतिकार माना जाता है। गुुरु रुद्र कुमार को कांग्रेस प्रत्याशी बनाये जाने के साथ ही विजय जैन व कृष्णा चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को एकजुट किया। वहीं पुराने कांग्रेसजनों में भी जोश पैदा करके चुनावी मैदान में उतारा गया। लिहाजा गुरु रुद्र कमार की 31 हजार से अधिक मतों के अंतर से रिकार्ड जीत हासिल हुई। जबकि भाजपा के प्रत्याशी रहे सांवलाराम डाहरे को वर्ष 2013 के चुनाव में 32 हजार के करीब मतों से जीत मिली थी।
अब जब गुरु रुद्र कुमार ने मंत्री पद का शपथ ले लिया है तो यह माना जा रहा है कि भिलाई-चरोदा निगम के साथ ही पूरे अहिवारा विधानसभा की तस्वीर और तकदीर का बदलना तय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह क्षेत्र होने का अतिरिक्त लाभ भी विकास कार्यों के मामले में अहिवारा विधानसभा की जनता को मिलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।