छत्तीसगढ़

कांग्रेस का छात्र संगठन भरेगा शहीदों और किसानों के बच्चों की कॉलेज फीस

रायपुर । जन्मदिवस पर आपने केक काटते, दोस्तों के साथ पार्टी करते जैसी चीजें देखी होगी। अगर जन्मदिवस किसी बड़ी हस्ती या नेता का हो, तो पौधरोपण, पटाखे, ढोल-नगाड़े जैसा जश्न देखा होगा। लेकिन, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस पर कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने एक ऐसा निर्णय लिया है, जो आपको गर्व और भावुकता से भर देगा। राहुल गांधी के जन्मदिवस पर किसी भी तरह के जश्न के बजाय एनएसयूआई ने निर्णय लिया है- देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों और देश का पेट पालने वाले अन्नदाता यानी किसानों के बच्चों की फीस भरने का जिम्मा एनएसयूआई उठायेगी। ये निर्णय न केवल ऐतिहासिक है, बल्कि सैनिकों और किसानों के प्रति सच्चा सम्मान है।
इस बारे में एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन का कहना है कि, “अपने नेता के जन्मदिन पर केक काटने की बजाय हम उनकी सोच को आगे बढ़ाने के लिए कुछ ठोस करना चाहते थे। देश पर जान न्यौछावर करने वालों और अन्नदाता के साथ हमारी पार्टी हमेशा खड़ी रही है।”

छत्तीसगढ़ एनएसयूआई के प्रदेश संयोजक कौनेन अंसारी ने कहा की इससे देश के हर कोने के उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो विपरीत परिस्थितियों में दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ने का सपना पालते हैं। शहीदों और कर्ज के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों के बच्चों के लिए ये निर्णय संजीवनी साबित होगा। इस ऐतिहासिक और गौरवशाली निर्णय पर यही कहा जा सकता है:- हिम्मत वतन की जिनसे है, जो बढ़ाते हैं देश का मान।
यह छोटी सी कोशिश, है उनकी कुर्बानी का सम्मान।।

Related Articles

Back to top button