अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने कोंडागांव महिला पुलिस की टीम पहुँची नक्सल क्षेत्र मटवाल व पुंगारपाल
कोंडागांव पुलिस के आमचो पुलिस आमचो संगी अभियान के तहत था यह कार्यक्रम
कोंडागांव। गत वर्ष नवम्बर 2020 से कोंडागांव एसपी सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में क्षेत्र की महिलाओं के कल्याण व शिकायत निवारण हेतु संचालित विशेष अभियान “आमचो पुलिस आमचो संगी” अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जिले की महिला पुलिस अधिकारियों डीएसपी अंजली गुप्ता व डीएसपी निकिता मिश्रा के नेतृत्व में जिले के सुदूर अंचल में बसे थाना मर्दापाल क्षेत्र के गांव मटवाल पुंगारपाल में आयोजित किया गया। यह पहला ऐसा मौका था जब महिला पुलिस अधिकारी इन गांव के लोगों से रूबरू हुईं जिस कारण खबर मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम का हिस्सा बनने पहुंची जिसमे घर पर कामकाज करने वाली महिलाओं के साथ साथ छात्राएं व खेती में सहयोग करने वाली महिलाएं भी उत्साह पूर्वक शामिल हुईं।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया गया, उन्हें महिला सम्बंधी अपराधों को लेकर जागरूक किया गया तथा उनके विधिक अधिकारों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस प्रकार महिला पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर ग्रामीण महिलाओं ने भी सहजता से अपनी बात सबके सामने रखी तथा उनके साथ स्थानीय भाषा मे लोक गीत गाए। डीएसपी श्रीमती अंजली गुप्ता ने महिलाओं के साथ आए छोटे बच्चों के समय पर टीकाकरण एवं आंगनबाड़ी में वितरित किए जाने वाले पौष्टिक आहार को खिलाने की बात कही। डीएसपी श्रीमति निकिता तिवारी ने उपस्थित कामकाजी महिलाओं के उनके परिवार के प्रति समर्पण व योगदान को भी महत्वपूर्ण बताते हुए सराहा तथा महिलाओं के शिक्षित होने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उनके आर्थिक रूप से सक्षम व स्वतंत्र होने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं को कॉपी पेन वितरित किए गए और सभी महिलाओं को भेंट स्वरूप साड़ीयां वितरित की गईं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित कोंडागांव पुलिस के इस आयोजन से स्थानीय महिलाएं उत्साहित व प्रेरित होती प्रतीत हुईं। इस कार्यक्रम में निरीक्षक अर्चना धुरंधर, उप निरीक्षक नमिता टेकाम व सहायक उप निरीक्षक निशा प्रयाग ने भी हिस्सा लिया।
http://sabkasandesh.com/archives/102740
http://sabkasandesh.com/archives/102280
http://sabkasandesh.com/archives/102831
http://sabkasandesh.com/archives/102790