छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

भिलाई तीन चरोदा निगम करवा रही है वार्डवार सैनिटाइजर का छिड़काव

भिलाईतीन। भिलाई-चरोदा नगर निगम के द्वारा कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने सजगता बरती जा रही है। इसी कड़ी में वार्डवार सैनिटाइजर का छिड़काव किया जा रहा है। आज पहले दिन 7 वार्डों में सैनिटाइजर छिड़काव के लिए अभियान चलाया गया। निगम की टीम लोगों के घर-घर दस्तक देकर सोशल डिस्टेसिंग अपनाने की सलाह दे रही है।

कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देश को अमल में आने भिलाई-चरोदा नगर निगम का अमला मुस्तैदी से जुट चुका है। इसके लिए जनजागरुकता के साथ ही जमीनी स्तर पर भी जरुरी इंतजाम किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज से वार्डों को सैनिटाइजर करने के अभियान का आगाज किया गया। पहले दिन वार्ड 9, 10, 11, 13, 14, 20 तथा 36 में निगम की टीम ने सैनिटाइजर का छिड़काव किया। निगम आयुक्त कीर्तिमान सिंह राठौर के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी अश्वनी चंद्राकर अमले के साथ वार्डों में घूमघूमकर कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने लोगों को सोशल डिस्टेसिंग अपनाने का आग्रह कर रहे हैं।

गौरतलब रहे कि भिलाई-चरोदा नगर निगम में 40 वार्ड शामिल है। जिनमें से अनेक वार्ड ग्रामीण परिवेश वाले है। इन सभी वार्डों में कोरोना वायरस के खिलाफ निगम का अमला लॉकडाउन घोषित होने के साथ ही जंग के तर्ज पर लड़ाई लड़ रहा है। साफ-सफाई और कचरा संग्रहण का कार्य बिना किसी अड़चन के चल रहा है। लॉकडाउन का पालन सुनिश्चित कराने में भी निगम के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। सुबह 9 बजे से अपरान्ह 3 जे तक सब्जी बाजार सहित किराना व डेलीनीड्स की दुकानें खुली रहने के दौरान ग्राहकों से सोशल डिस्टेसिंग बनाये रखने पर भी निगम का अमला सक्रिय है।

इन दिनों शासन के निर्देश पर सभी उचित मूल्य की दुकानों में चावल, शक्कर व नमक का वितरण किया जा रहा है। इस दौरान सोशल डिस्टेसिंग बनाये रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एटीएम बूथों पर भी कोरोना के मद्देनजर सोशल डिस्टेसिंग अपनाते हुए राशि आहरित करने अपील की जा रही है।

जनप्रतिनिधि और समाजसेवी कर रहे जरुरतमंदों की मदद

भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में लॉकडाउन के चलते आर्थिक संकट का सामना कर रहे जरुरतमंदों की जनप्रतिनिधि और समाजसेवियों द्वारा निरंतर मदद की जा रही है। कोरोना फाइटर नामक संस्था के बैनर तले मुख्यमंत्री के ओएसडी मनीष बंछोर के मार्गदर्शन में कांग्रेस नेता प्रकाश लोहाणा, सुजीत बघेल, लाल बहादुर वर्मा, अशोक दुबे सहित अन्य समाजसेवी गरीब जरुरतमंदों को सूखा खाद्यान्न बांटरहे हैं। मंत्री गुरु रुद्र कुमार के मार्गदर्शन में निगम के सभापति विजय जैन के द्वारा भी जरुरतंदों को भोजन सामग्री वितरित की जा रही है। निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष तिवारी व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढरिया के नेतृत्व में निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में गरीबों को मदद पहुंचाई जा रही है। भाजपा नेता प्रेमलाल साहू, पार्षद अपर्णा सुब्रतो दासगुप्ता, गुलशन ढिंढे, कांग्रेस नेता डे साहब वर्मा के द्वारा भी गरीबों को खाद्यान्न का पैकेट बांटा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button