खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई, 10 वाहन जब्त, खनिज अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में की औचक जांच, 6 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई

खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर कार्रवाई, 10 वाहन जब्त, खनिज अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में की औचक जांच, 6 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई
बिलासपुर, 28 नवंबर 2026/ कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग की टीम ने एक सप्ताह में विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रेत एवं गिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त 10 वाहन जब्त किए हैं। इनमें 6 हाइवा और 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने कोनी, सेंदरी, कछार, निरतु, रतनपुर, पचपेड़ी, लावर, मस्तूरी एवं घुटकु क्षेत्रों में जांच की। इस दौरान 20 नवंबर को कोनी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते एक हाइवा तथा 24 नवंबर को रतनपुर क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इसी तरह 25 नवंबर को पचपेड़ी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते दो हाइवा और रेत का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान 27 नवंबर को पचपेड़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते दो हाइवा तथा लावर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा जब्त किया गया। वहीं 28 नवंबर को घुटकु क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं।सभी वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर पुलिस थाना कोनी, रतनपुर, पचपेड़ी एवं खनिज जांच चौकी लावर की अभिरक्षा में रखा गया है। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने पुलिस, राजस्व और खनिज विभाग द्वारा निरंतर निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।



