स्वीकृत गौधामों का संचालन जल्द शुरू करें, लंबित आवेदनों का हो शीघ्र निराकरण, जिलास्तरीय गौधाम समिति एवं पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा

स्वीकृत गौधामों का संचालन जल्द शुरू करें, लंबित आवेदनों का हो शीघ्र निराकरण, जिलास्तरीय गौधाम समिति एवं पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा
बिलासपुर, 28 नवंबर 2026/ जिला स्तरीय गौधाम समिति एवं जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक मंथन सभाकक्ष में जिलास्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष श्री धीरेंद्र दुबे की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गौधाम योजना के क्रियान्वयन तथा पशु क्रूरता निवारण संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल एवं संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीएसएस तंवर उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जिले में 14 गौधामों को प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त है, जिनमें से 10 गौधाम पंजीकृत होकर संचालित हैं। समिति ने संचालित गौधामों के सितंबर में समाप्त त्रैमास के अनुदान प्रपत्रों का अनुमोदन किया। साथ ही सोन एवं जाली में नवीन गौधाम स्थापना के लिए प्राप्त आवेदनों की अनुशंसा की गई। समिति अध्यक्ष श्री दुबे ने गौधामों के लंबित आवेदनों का जिला पंचायत से समन्वय कर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल ने स्वीकृत किंतु असंचालित गौधामों का संचालन जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए।
जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की समीक्षा के दौरान पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) केंद्रों के कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र में ही आवारा श्वानों की नसबंदी का कार्य किया जा रहा है। अन्य नगरीय निकायों में भी पशु जन्म नियंत्रण केंद्र प्रारंभ करने के लिए संबंधित मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को आवश्यक समन्वय करने का सुझाव दिया गया। बैठक में दोनों समितियों के सदस्य, गौधामों के अध्यक्ष एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी शामिल हुए।



