सेवा सेतु पोर्टल से बनेंगे विवाह प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट और मिलेगा नल कनेक्शन

सेवा सेतु पोर्टल से बनेंगे विवाह प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट और मिलेगा नल कनेक्शन
नई सेवाओं और सुविधाओं के संचालन की दी गई जानकारी, ऑपरेटरों को वर्चुअल प्रशिक्षण
कवर्धा, 27 अक्टूबर 2026। जिले में डिजिटल सुशासन को बढ़ावा देने और नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु पोर्टल पर नई सेवाएं और सुविधाएं जोड़ी गई हैं। इन सेवाओं के प्रभावी संचालन के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार सेवा सेतु केंद्रों के ऑपरेटरों के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पोर्टल पर उपलब्ध नई सेवाओं, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और तकनीकी सुविधाओं के उपयोग की जानकारी दी गई।
पोर्टल में किए गए बदलावों के बारे में दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान राजस्व विभाग की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) प्रमाण पत्र एवं राजपत्र प्रकाशन से संबंधित सेवाओं के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विवाह प्रमाण पत्र और नल कनेक्शन जैसी सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग की सेवाओं सहित पोर्टल पर जोड़ी गई अन्य नवीन सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। ई-जिला प्रबंधक के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण में ऑपरेटरों को नई सेवाओं के ऑनलाइन आवेदन लेने और पोर्टल की सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र की सुविधा पहले से उपलब्ध
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक पहले से ही जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नाम परिवर्तन के लिए राजपत्र प्रकाशन और राजस्व प्रकरणों सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। अब नई सेवाओं के जुड़ने से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सुविधाएं एक ही डिजिटल मंच पर प्राप्त करने में और सहूलियत होगी।
घर बैठे आवेदन की स्थिति भी कर सकेंगे ट्रैक
सेवा सेतु एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी जरूरत के अनुसार संबंधित शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक की जा सकती है। प्रत्येक सेवा के लिए निर्धारित समय-सीमा के अनुसार आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। इससे लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार जिला या ब्लॉक मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी।
ऑपरेटरों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ऑपरेटरों को पोर्टल में किए गए बदलावों और नई सुविधाओं से अवगत कराना तथा उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ाना था। इसके माध्यम से नागरिकों को सेवाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। सेवा सेतु पोर्टल के विस्तार से विभिन्न विभागों की सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक व्यवस्थित एवं जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।



