कैंटीन में बदला खाने का मेनू, लिट्टी-पोहा से उबले अंडे तक नए विकल्प, जानें क्या होंगी कीमतें

जमशेदपुर: टाटा स्टील के कर्मचारियों को अब कैंटीन में नाश्ते के लिए उपमा, लिट्टी, मूंग दाल चीला और ओट्स उपमा जैसे कई विकल्प मिलेंगे. कर्मचारियों की सेहत और लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने कैंटीन के मेनू में बदलाव करने का फैसला लिया है. मंगलवार को टाटा स्टील वर्क्स जनरल ऑफिस में चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय की अध्यक्षता में सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमेटी (सीसीएमसी) की बैठक में नये मेनू और कैंटीन सेवाओं को बेहतर बनाने से जुड़े फैसले लिये गये.
बैठक में सर्वसम्मति से पारित नये वर्क ऑर्डर के तहत कर्मचारियों को अब नाश्ते में कई पौष्टिक और पसंदीदा व्यंजन उपलब्ध कराये जायेंगे. इनमें ब्लैक कॉफी, ग्रीन टी, मिल्क कॉफी, झालमुड़ी, दाल पूड़ी, उबला चना, दलिया उपमा, ओट्स उपमा, मेदू वड़ा, सेवई उपमा, उबला शकरकंद, मूंग दाल चीला, पकौड़ा, ढोकला, पोहा और लिट्टी शामिल हैं. लंच के लिए मिलेंगे तीन विकल्प, पूरे साल मिलेगा उबला अंडा
कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोपहर के भोजन के लिए हाफ प्लेट, फुल प्लेट और एक्स्ट्रा प्लेट के तीन विकल्प रखे गये हैं. इसके साथ ही कर्मचारियों को पूरे साल उबला अंडा भी उपलब्ध कराया जायेगा. मेनू में बदलाव का उद्देश्य कर्मचारियों को उनकी पसंद के अनुसार खाने के अधिक विकल्प देना है.
नाश्ते का समय तय, ट्रॉली सेवा को भी किया जायेगा बेहतर
कैंटीन सेवाओं को समय पर उपलब्ध कराने के लिए नाश्ते का समय निर्धारित किया गया है. सभी कैंटीन में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नाश्ता मिलेगा, जबकि ट्रॉली प्वाइंट पर सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक नाश्ते की व्यवस्था रहेगी.
ट्रॉली सेवा में होने वाली देरी को कम करने के लिए रेल और रोड मूवमेंट के अनुसार जोन का स्पष्ट बंटवारा भी किया गया है. इससे कैंटीन सेवाओं को अधिक सुचारु और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी.
बैठक में सीसीएमसी के चेयरमैन सह चीफ एचआरएम यशवंत पांडेय, वाइस चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज, कमेटी सदस्य पीके चौधरी, उमाशंकर पटनायक, हेड कैंटीन रिचा केडिया, सीनियर मैनेजर शौकत खान समेत टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर उदय कुमार, अरविंद यादव, विमल, शैलेंद्र राय, विजय कुमार सिंह, अमोलक सिंह, राजकुमार, सुमन कुमार, मनोज कुमार, विवेक कुमार और राकेश कुमार सिंह उपस्थित थे.मार सिंह, अमोलक सिंह, राजकुमार, सुमन कुमार, मनोज कुमार, विवेक कुमार और राकेश कुमार सिंह उपस्थित थे.




