देश दुनिया

अक्टूबर में लगा लें ये 9 खूबसूरत फूल, सर्दियों में रंग-बिरंगे फूलों से महक उठेगी छत-बालकनी

सर्दियों में सुबह की हल्की धूप और रंग-बिरंगे फूल घर की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी छत या बालकनी फूलों से महक उठे, तो इस मौसम में कुछ खास फूलों के पौधे लगा सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें उगाने के लिए बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. आप छोटे-छोटे गमलों में भी इन्हें आसानी से लगा सकते हैं.गार्डनर राम सागर ने बताया कि सर्दियों की शुरुआत फूलों के पौधे लगाने के लिए अच्छी रहती है. इस दौरान न तो तेज धूप होती है और न ही धूप की इतनी कमी होती है कि पौधों की ग्रोथ पर असर पड़े. इस मौसम में कई तरह के फूल अच्छी तरह खिलते हैं. इन्हें आप आंगन, छत या बालकनी में लगा सकते हैं. अगर जगह कम है, तो गमलों की मदद से छोटा-सा गार्डन भी तैयार किया जा सकता है.राम सागर के मुताबिक, सर्दियों में गेंदा, गुलदाउदी, पिटूनिया, डहेलिया और पैंजी जैसे फूलों के पौधे लगा सकते हैं. इनके अलावा कैलेंडुला, फ्लॉक्स, स्वीट पी और स्नैपड्रैगन भी इस मौसम में अच्छी तरह खिलते हैं. इन पौधों में अलग-अलग रंगों के फूल आते हैं, जिससे घर की छत और बालकनी खूबसूरत दिखने लगती है. इन्हें छोटे और बड़े, दोनों तरह के गमलों में उगाया जा सकता है. इनमें से गेंदा, पिटूनिया, पैंजी, कैलेंडुला, फ्लॉक्स और स्नैपड्रैगन को बीज से उगा सकते हैं. वहीं, गुलदाउदी और डहेलिया को कटिंग से लगाया जा सकता है. ऐसे में आप अपनी पसंद और जगह के हिसाब से फूलों के पौधे चुन सकते हैं.

पौधों के लिए ऐसी मिट्टी चुनें

फूलों के पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए सही मिट्टी का चुनाव भी जरूरी है. ऐसी मिट्टी इस्तेमाल करें, जिसमें पानी आसानी से निकल सके. मिट्टी में वर्मी कंपोस्ट या खाद मिलाने से पौधों को पोषण मिलता है. गमले में नीचे की तरफ पानी निकलने के लिए छेद होना चाहिए. अगर मिट्टी बहुत ज्यादा सख्त होगी, तो पौधों की जड़ों को फैलने में परेशानी हो सकती है.

पानी देने से पहले जांच लें मिट्टी

फूलों के पौधों को अच्छी ग्रोथ के लिए सही देखभाल की जरूरत होती है. इन्हें पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जरूर जांच लें. अगर मिट्टी में पहले से नमी है, तो बार-बार पानी देने से बचें. जरूरत से ज्यादा पानी देने पर पौधों की जड़ें खराब हो सकती हैं. इसके अलावा, जब फूल मुरझाने लगें, तो उन्हें पौधे से हटा दें. इससे पौधे की देखभाल करना आसान रहेगा.

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button