छत्तीसगढ़

बिलासपुर सेंट्रल जेल से रील वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मुलाकात कक्ष में बनाया विडियो।

बिलासपुर सेंट्रल जेल से रील वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मुलाकात कक्ष में बनाया विडियो।

बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर बंद गोलीकांड के आरोपियों का ‘डॉन स्टाइल’ रील सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। हैरानी की बात यह है कि यह वीडियो जेल के मुलाकाती कक्ष में बनाया गया, जहां आरोपियों से मिलने आए एक युवक ने इसे रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वायरल वीडियो में बैकग्राउंड में आपत्तिजनक गाना चल रहा है और एक-एक कर सभी आरोपियों को दिखाया जा रहा है, मानो किसी गैंग का परिचय दिया जा रहा हो। इसमें मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत भी नजर आ रहा है, जो अक्टूबर 2025 में हुए फायरिंग केस के बाद से जेल में बंद है।

जेल के अंदर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद वीडियो बनना और बाहर आना, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर जेल के भीतर इस तरह की गतिविधि कैसे संभव हुई। प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच और कार्रवाई की बात कही है।

यह पूरा मामला मस्तूरी क्षेत्र की पुरानी दुश्मनी से जुड़ा है, जहां कांग्रेस नेता नीतेश सिंह, उनके चाचा तामेश सिंह और तुकेश सिंह पर फायरिंग की गई थी। जवाब में नीतेश सिंह ने भी लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने इस केस में विश्वजीत अनंत, अकबर खान और उसके भाई समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था। एक नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेजा गया, जबकि बाकी 10 आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। एक आरोपी की जमानत हाईकोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है। वीडियो “_devebh_don99X” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से अपलोड किया गया है। बताया जा रहा है कि इसी अकाउंट से पहले भी गैंग से जुड़े वीडियो डाले गए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। अब पुलिस इस अकाउंट और वीडियो के स्रोत की भी जांच कर रही है।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button