मुर्गे को थाने में लेकर पहुंची महिला, शिकायत सुनकर पुलिसकर्मी भी हो गए हैरान
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2023/02/SABKA-SANDESHpng-1-300x77-1.png)
रतनपुर- आदिवासी महिला के मुर्गे को पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी चुराकर ले गए। ऐसा करते मालकिन ने उन्हें देख लिया। वह उनके कब्जे से अपने मुर्गे को छुड़ा लाई। इस बीच पड़ोसियों ने उनके मुर्गे के पंख को तोड़ दिया था। महिला अपने घायल मुर्गे को लेकर थाने पहुंच गई। महिला ने थाने में घटना की लिखित शिकायत दी है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम सिलदहा में रहने वाली जानकी बिंझवार रोजी-मजदूरी करती है। इसके साथ ही उन्होंने घर में मुर्गियां भी पाल रखी है। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके घर से आए दिन मुर्गे गायब हो रही थें। इस पर वह नजर रख रही थी। इसके साथ ही उसने आसपास के लोगों को भी देखरेख करने कह रहा था। रविवार की शाम महिला घर में ही थी। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला बुगल और उसकी पत्नी दुर्गा एक मुर्गे को चोरी कर ले जाने लगे। महिला ने इसे देख लिया।
उसने पति-पत्नी को अपने मुर्गे को चोरी कर ले जाने से रोका। इस दौरान पति-पत्नी ने जानकी से विवाद भी किया। महिला अपने मुर्गे को पति-पत्नी के कब्जे से छुड़ा लाई। घर लाने पर पता चला कि उन्होंने मुर्गे के पंख को तोड़ दिया है। इस पर महिला घायल मुर्गे को लेकर सीधे थाने पहुंच गई। उसने घटना की लिखित शिकायत थाने में की है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि पति-पत्नी पहले भी उसके मुर्गे को चोरी कर ले गए हैं।
मामले में रतनपुर पुलिस ने महिला की शिकायत ले ली है। थाने में मौजूद कर्मियों ने महिला को मुर्गे की डाक्टरी रिपोर्ट लाने पर जुर्म दर्ज होने की बात कही है। वहीं, उसे कल थाने बुलाया गया है। इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ने की बात कही है। शाम हो जाने के कारण पशु चिकित्सालय बंद हो गया था। इसके कारण महिला अपने मुर्गे को डाक्टर को नहीं दिखा पाई है।