छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

खुर्सीपार की जनता केमिकल पानी पीने मजबूर-पार्षद दया सिंह श्रमिक बाहुल्य मेरे क्षेत्र में पानी के लिए मचा है हाहाकर

भिलाई। भिलाई निगम मुख्य कार्यालय के सभागार में सोमवार को प्रात: 11 बजे विशेष सामान्य सभा का आयोजन किया गया जिसमें एक दिन पहले कोहका क्षेत्र में निगम की हाइवा वाहन से दुर्घटना में मौत का मामला भी उठाया गया। दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सर्वे का क्वांटीफायबल डाटा का अनुमोदन तथा राज्य स्तरीय सी मार्ट की स्थापना हेतु भवन एवं भूमि के चयन का प्रस्ताव लाया गया। जिसमें बताया गया कि मदर मार्केट के पास ही सी मार्केट का काम हो रहा है, इसका निर्माण 8 हजार वर्गफुट में किया जा रहा है।

इस मार्केट के बनने से महिलाओं और पुरूषों को रोजगार मिलेगा। इसका संचालन वन विभाग और लघु उद्योग द्वारा किया जायेगा और स्व-सहायता समूह जो प्रोडक्ट निर्माण करेंगी उसका रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है।
निगम का ये विशेष सामान्य सभा एक घंटा के पहले ही समाप्त हो गया। सभापति गिरवर बंटी साहू की अध्यक्षता, महापौर नीरज पाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे की उपस्थिति में विशेष सम्मेलन पर दोनों प्रस्तावों पर चर्चा हुई। चर्चा उपरांत प्रथम प्रस्ताव अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सर्वे का क्वांटीफायबल डाटा का अनुमोदन को समय प्रात: 11.27 पर पारित किया गया दूसरे प्रस्ताव को प्रात: 11.51 पर पारित किया गया।  सामान्य सभा में जैसे ही दोनो प्रस्ताव आया वैसे ही भाजपा के खुर्सीपार वार्ड 44 के पार्षद  दया सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या निगम क्षेत्र की सभी समस्याएं हल हो गई जो मात्र दो ही प्रस्ताव सामान्य सभा में लाया जाता है।

निगम में हमेशा दो ही प्रस्ताव क्यों रखे जाते है? मेरा क्षेत्र श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र है, वहां पेयजल की सबसे बडी समस्या है,जिसको निगम दूर करने में पूर्णत: विफल है। हमारे क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा है, नहाने धोने के लिए भी लोगों को पानी नही मिल रहा है। श्री सिंह ने निगम पर खुर्सीपार क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार क्यों कर रही है। पूरे निगम क्षेत्र में सड़कों के गड्ढे में पेंच वर्क का कार्य चल रहा है जबकि खुर्सीपार में पूरे सड़कों में गड्डे ही गड्ढे है लेकिन यहां पेंचवर्क का कार्य नही हो रहा है। पेंचवर्क कार्य में भी केवल दिखावा ही हो रहा है। दया सिंह ने आगे कहा कि खुर्सीपार का क्षेत्र पूरा केमिकलयुक्त क्षेत्र है। यहां बोर का भी पीने लायक पानी नही है,क्येांकि उसमें भी पूरा केमिकल युक्त पानी आता है। निगम छ: माह में भी इस समस्या का हल करने में पूरी तरह फेल हो गई है। आयुक्त बताये कि निगम से पूरी समस्याएं दूर हो गईहै क्या?

पियुष मिश्रा ने उठाया कोहका में निगम की वाहन से हुए मछली विक्रेता की मौत का मामला
इस दौरान भाजपा पार्षद पियुष मिश्रा ने रविवार को सुबह कोहका आवंतीबाई चौक में निगम के डम्फर से हुए मछली विक्रेता की मौत का मामला भी सदन में जोर शोर से भाजपा पियुष मिश्रा ने उठाया। श्री मिश्रा ने कहा कि किवार सहित निगम की सभी गाडिय़ों के कागजातों की जांच होनी चाहिए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्यवाही करने के साथ ही दोर्षी अधिकारियों से वसूल कर मृतक के परिजनों को आर्थिक मदद करनी चाहिए। इसके अलावा निगम घटना स्थल के चौक को व्यवस्थित करने के साथ ही ट्राफिक पुलिस की व्यवस्था की जाये और मृतक के पुत्र को निगम में नौकरी दिया जाये।

अगली समान्य सभा में प्रस्ताव बनाकर महापौर शासन से मृतक के परिवार को आर्थिक मदद भी दिलाया जाये।
इसके अलावा पियुष मिश्रा ने सामान्य सभा के चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर का डाटा संकलन तैयार बंद कमरे में नही होनी चाहिए और इस मामले में निगम के कर्मचारी और अधिकारी अपने बडे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को गुमराह न करें।
श्री मिश्रा ने बीपीएल परिवारों के सर्वे सूची में विसंगति का हवाला देकर अन्य पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग क डाटा को पुनरीक्षण के बाद अंतिम रूप देने का सुझाव रखा। उन्होने कहा कि अनेक लोग पात्रता के बावजूद छूट जाते हैं। इसलिए एक बार पुन: सर्वे किया जाना बेहतर होगा। एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी ने बताया कि सर्वे कार्य का पुनरीक्षण हो चुका है और जो सूची बनाई गई है उसे अनुमोदन कर शासन को प्रेषित किया जाना है। इस जवाब के बाद सभापति ने प्रस्ताव को पारित करने की घोषणा कर दी।

दूसरा प्रस्ताव राज्य स्तरीय सी मार्ट की स्थापना हेतु भवन एवं भूमि चयन करने का था। सी मार्ट का संचालन पावर हाउस चौक के पास प्रगति मार्केट का जीर्णोद्धार कर बनाए गए मदर्स मार्केट में किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे पहले पार्षद पीयूष मिश्रा ने पूछा की मदर्स मार्केट को सी मार्ट खोलने के लिए दिए जाने पर निगम की क्या फायदा होगा। जवाब में महापौर नीरज पाल ने बताया कि सी मार्ट का संचालनए प्रबंधन और रख रखाव छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ द्वारा किया जाएगा।
निगम इसके लिए मदर्स मार्केट के डोमशेड को 100 रुपए प्रति माह टोकन किराए पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सी मार्टए राज्य शासन की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की महती योजना है। इसमें शिल्पियोंए दस्तकारों एवं कुम्हारों तथा महिला स्व सहायता समूहों को द्वारा उत्पादित सामग्रियों का विक्रय होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

खुर्सीपार के लिए अलग से बुलानी चाहिए सामान्य सभा-चौधरी
इस दौरान सेक्टर 4 के वरिष्ठ पार्षद एवं जोन 5 के अध्यक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि खुर्सीपार के लिए अलग से विशेष सत्र बुलानी चाहिए ताकि वहां की समस्याएं जल्द दूर हो।
कितने बर्तन बैंक चल रहे है निगम में-पार्षद डॉ. चन्द्राकर
सामान्य सभा के दौरान डॉ. वीणा चंद्राकर ने पूछा कि वर्तमान में निगम क्षेत्र में कितने बर्तन बैंक संचालित हो रहे है का जवाब मिला कि वर्तमान में 5 बर्तन बैंक संचालित है और 12 बर्तन बैंक और शुरू किया जायेगा, इसके लिए 12 लाख रूपये स्वीकृत किया जा चुका है और टेण्डर भी हो चुका है। पार्षद वीणा चन्द्राकर ने बर्तन बैंक चलाने वालों पर आरोप लगाया कि उसको किराये में चलाने के बजाय उसका उपयोग यही लोग घरों में कर रहे है। इसकी जांच होनी चाहिए।

सामान्य सभा प्रारंभ करने से पूर्व सदन में उपस्थित सभी ने राष्ट्रगीत एवं राज्य गीत एवं सामान्य सभा समाप्त होने पर राष्ट्रगान का गायन किया। सभागार में प्रमुख रूप से महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एंथोनी, एकांश बंछोर, संदीप निरंकारी, साकेत चंद्राकर, केशव चौबे, नेहा साहू, आदित्य सिंह, रीता सिंह गेरा, चंद्रशेखर गवई, लाल चंद वर्मा, मालती ठाकुर, मीरा बंजारे, निगम के अधिकारी अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, जोन आयुक्त अमिताभ शर्मा, नोडल अधिकारी प्रीति सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button