छत्तीसगढ़

जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की हुई शुरुआत

जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की हुई शुरुआत
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेताम ने पोलियो की दवा पिलाकर की अभियान की शुरूआत
जिले में 19 हजार से अधिक बच्चों को पिलायी जायेगी पोलियो की खुराक
नारायणपुर 30 जनवरी 2021 – नारायणपुर जिले के बच्चों को पोलियों से मुक्त करने के लिए आज पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हुई। जिला चिकित्सालय में प्रातः 8 बजे पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती श्यामबती नेताम ने किया। श्रीमती नेताम ने ममता कुमेटी के 4 दिन के शिशु को पल्स पोलियो की पहली खुराक पिलायी। श्रीमती नेताम ने अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने आये माता-पिता एवं अभिभावकों से आत्मीय बातचीत की और दवा पिलाने बच्चो को लाने के लिए धन्यवाद किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ए.आर.गोटा, डीपीएम सुश्री प्रिया कंवर के अलावा जिला अस्पताल के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। 
   मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए.आर.गोटा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान हेतु सभी तैयारियां पूरी हो गयी है। सभी दलों को पोलियो कीट के साथ रवाना कर दिया गया है। जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 19 हजार 243 बच्चोें को आज से पल्स पोलियो की खुराक पिलायी जा रही है। जिसके तहत् प्रथम दिन पल्स पोलियो बूथ में बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी जा रही है और इसके पश्चात छुटे बच्चों को दो दिवसों तक संबंधित टीकाकरण दलों द्वारा घर-घर संपर्क कर पल्स पोलियो की खुराक लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को दी जायेगी। इस हेतु जिले में 410 पल्स पोलियो बूथ बनाये गये हैं, जिसमें नारायणपुर विकासखंड में 211 बूथ और ओरछा विकासखांड में 199 शामिल है। इन बूथों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। इसके साथ ही जिले के हाट-बाजारों, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों में लक्षित आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने के लिए 2 मोबाईल टीम तथा 8 ट्रांजिट दल बनाये गये हैं। जिले में पल्स पोलियो अभियान के सुचारू संचालन हेतु 24 सुपरवाईजरों की नियुक्ति भी की गई है। 

Related Articles

Back to top button