उत्तर से नहीं आ रही है ठंडी हवाएं, प्रदेश का मौसम बना हुआ है शुष्क
ऐसा पहली बार देखा जा रहा है जब दिन में लोगों को गरम कपड़ों की जरूरत नहीं पड़ रही है, जबकि हर साल दिसंबर के महीने में दिन भी कंपाने वाला होता था। अभी दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री पर है। दिन में तेज धूप के साथ गर्मी का एहसास अब भी हो रहा है। इसकी बड़ी वजह उत्तर से ठंडी हवाओं का नहीं आना है। यही कारण है कि प्रदेश का मौसम शुष्क है, जिसके चलते ठंड नहीं पड़ रही है। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन धीरे-धीरे ठंड बढ़ेगी। अगले कुछ दिनों में उत्तर की ओर से आने वाली हवा में बदलाव होगा। साथ ही जिले के चिल्फीघाटी का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री पर है। जिस कारण वनांचल इलाकों में सुबह के वक्त रोजाना कोहरे का नजारा देखा जा रहा है। जल्द ही इन इलाकों में ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील होने लगेंगी। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में कड़ाके की ठंडपड़ने की संभावना मौसम विज्ञानी लगा रहे हैं।
इसके साथ ही प्रदेश के सभी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। इधर, रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि पिछले साल 5 दिसंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री था। अगले पांच दिनों तक दिन के तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा और तापमान औसतन 30 से 32 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया है।
मौसम शुष्क, तापमान में विशेष वृद्घि नहीं
प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। इसके चलते प्रदेश के सभी संभागों में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया है।
चक्रवात से फिर नौ दिसंबर के बाद बादल छाने की आशंका
मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में बादल छा रहे हैं। इसके प्रभाव से उत्तर से नमी आने की वजह से छत्तीसगढ़ में नौ दिसंबर के बाद बादल छाने की संभावना है। इसका असर उत्तर छत्तीसगढ़ में ज्यादा हो सकता है और ठंड का असर कम होगा। बादल छंटने के बाद तापमान में कमी आएगी।