कवर्धा जिले के सरेखा गोली कांड में 13 लोग गिरफ्तार
![](https://sabkasandesh.com/wp-content/uploads/2020/12/Screenshot_2020-12-04-08-58-26-54.jpg)
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरेखा में गोवर्धन पूजा के दिन गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसके बाद पीड़ित ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने गोली के संबंध शिकायत दर्ज न कर दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज किया। इस मामले को लेकर कोतवाली थाना द्वारा लीपापोती की कोशिश की जा रही थी। बीते दो दिन से यह मामला मीडिया में आने के बाद पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की है। गोली कांड के 13 आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोली कांड मामले में कुल 20 लोगों पर मामला दर्ज किया है, जिसमें पीड़ित पक्ष के भी सात आरोपित बताए जा रहे हैं।
जानकारी अनुसार 15 नवंबर को गोवर्धन पूजा थी। उसी दिन कोतवाली थाने के ग्राम सरेखा में गोली चल गई। यहां दो पक्षों में पटाखे फोड़ने के विवाद को लेकर यह घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति को गोली लगी थी। अस्पताल में हुए आपरेशन के बाद गोली को निकाल दी गई। उसके बाद से मरीज की हालत में सुधार हुआ है।
एसपी के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई
इस पूरे मामले को लेकर कोतवाली थाना द्वारा लीपापोती की जा रही थी, लेकिन एसपी के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की गई। इस संबंध में लगातार पीड़ितों द्वारा एसपी के पास कार्रवाई का भी निवेदन किया था। वर्तमान में गोली रिकवर कर ली गई है। मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट तहत कार्रवाई की जा रही है । सभी एक ही गांव के लोग है, जिसमे एक पक्ष से 13 और दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।