छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

छत्तीसगढी लोककला की छटा बिखरने के दौरान मुख्यमंत्री ने किया लोककला मार्ग का लोकार्पण

-सिविल लाइन से दादा-दादी नाना-नानी पार्क के बीच पंथी, सुआ और राऊत नाच की झांकी, सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसनों की आकर्षक प्रतिमाएं भी

दुर्ग। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज दुर्ग में छत्तीसगढी लोककला मार्ग का लोकार्पण किया। शहर के सिविल लाइन से दादा-दादी नाना-नानी पार्क के बीच की सडक को छत्तीसगडी लोकनृत्यों पंथी, सुआ और राऊत नाच की छटा बिखेरती आकर्षक मूर्तियों से सजाया गया है। सडक किनारे सुंदर लैंड स्केपिंग के बीच चाक चलाते कुम्हार और हल चलाते किसान की भी प्रतिमा लगाई गई है। सडक को नया रंग-रूप देकर पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ भी बनाया गया है। लोगों को सेहतमंद बनाने और मानसिक-शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करने सूर्य नमस्कार के विभिन्न आसनों को भी वहां प्रदर्शित किया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, कृषि मंत्री श्री रविन्द्र चैबे, छत्तीसगढ वेयर हाउस कार्पोरेशन के अध्यक्ष अरूण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल और नगर निगम के सभापति राजेश यादव भी शामिल हुए।

छत्तीसगढी लोककला और संस्कृति से राहगीरों को परिचित कराती दुर्ग शहर के बीचों-बीच करीब आधा किलोमीटर के इस छत्तीसगढी लोककला मार्ग को करीब 58 लाख रूपए की लागत से आकर्षक रूप दिया गया है। स्थानीय विधायक अरूण वोरा की विधायक निधि से लगभग 18 लाख 83 हजार रूपए तथा निगम निधि के 12 लाख रूपए की  लागत से यहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलकियां प्रदर्शित की गई है। वहीं नगर निगम द्वारा 27 लाख रूपए की लागत से सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं को प्रदर्शित करती मूर्तियां लगाई गई है।

Related Articles

Back to top button