छत्तीसगढ़

पार्टी ने डॉ. रमन सिंह पर जताया भरोसा कवर्धा के संतोष पाण्डेय को दिया टिकट

सबका संदेश न्यूज़ छत्तीसगढ़ कवर्धा- राजनांदगांव लोकसभा सीट भाजपा के साथ-साथ पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के लिए भी अतिमहत्वपूर्ण है। चूंकि वह स्वयं सीट से सांसद रहे, उनके पुत्र भी इसी सीट पर सांसद हैं। ऐसे में यह सीट अस्तित्व का सवाल बन चुका है। संभवत: इसलिए कवर्धा से ही संतोष पाण्डेय को टिकट मिला। इसे ऐसा भी मान सकते हैं कि टिकट भले ही संतोष पाण्डेय को मिला हो, लेकिन चुनाव डॉ.रमन सिंह ही लड़ रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस फिलहाल मजबूत स्थिति में है।

इसलिए राजनांदगांव लोकसभा सीट को पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह किसी भी हालत में हाथ से जाने नहीं देना चाहते। कवर्धा जब राजनांदगांव जिले में शामिल था तो कवर्धा से ही वर्ष 1990 व 1993 में डॉ. सिंह दो बार विधायक रहे। वहीं राजनांदगांव लोकसभा सीट से वह 1999 में कांग्रेस के दिग्गज नेता मोतीलाल बोरा को हराकर सांसद बने। यहीं से उनकी किस्मत भी बदली। वर्ष 1998 में कवर्धा विधानसभा चुनाव में हार के बाद डॉ.सिंह सांसद बने, जिसके बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया गया। इसके बाद प्रदेश की कमान मिली और विधायक न रहते हुए भी मुख्यमंत्री बने। बाद में डोंगरगांव की सीट खाली कराकर चुनाव लड़े और जीते। इसलिए राजनांदगांव लोकसभा सीट डॉ. सिंह के लिए महत्वपूर्ण हैं।

वहीं दूसरी ओर विधानसभा चुनाव में कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी ने डॉ. सिंह पर भरोसा जताया है तभी तो उनके गृहजिले से प्रत्याशी चयन किया गया। सामान्य स्थिति में अधिक विधानसभा क्षेत्र वाले राजनांदगांव जिले से प्रत्याशी चयन किया जाता, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। मतलब काफी सोच विचार कर ही प्रत्याशी चयन का निर्णय लिया गया।

संतोष पाण्डेय को जाने
52 वर्षीय संतोष पाण्डेय बचपन से ही संघ से जुड़े हुए हैं। सहसपुर लोहारा ब्लॉक के ग्राम दरगवां के किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। लोहारा से ही राजनीति के पथ पर आगे बढ़े जब सहसपुर लोहारा से मंडल अध्यक्ष बने। इसके बाद कवर्धा आए और यहीं से पार्टी को मजबूत करने लगे। संतोष पाण्डेय दो बार राजनांदगांव जिला के भाजयुमो अध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं पूर्व भाजपा शासनकाल में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष। वहीं भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य, प्रदेश युवा मोर्चा प्रभारी, प्रशिक्षण सहप्रभारी रहे। वर्तमान में भाजपा के प्रदेश महामंत्री के पद पर हैं।

पाण्डेय वर्ष 2000 में कवर्धा मंडी अध्यक्ष चुने गए। हालांकि कुछ सालों बाद समिति भंग हो गई। वहीं संघ से जुड़े होने के कारण इन्हें वर्ष 2003 में बीरेन्द्रनगर से भाजपा से टिकट मिला, जिसमें मोहम्मद अकबर जीत गए। संतोष पाण्डेय पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के भी खास माने जाते हैं। इसके चलते ही पिछले वर्ष विकास यात्रा का प्रदेश प्रभारी पाण्डेय को ही बनाया गया था।

 

 

 

विज्ञापन समाचार हेतु सपर्क करे-9425569117/9993199117

Related Articles

Back to top button