राजीव गांधी किसान न्याय योजना में लंबित किसानों का संशोधन प्रारंभ

राजीव गांधी किसान न्याय योजना में लंबित किसानों का संशोधन प्रारंभ
कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने तकनीकी कारणों से पोर्टल में विभिन्न श्रेणियों में लंबित किसानों के संशोधन की प्रगति की समीक्षा की
कवर्धा, 29 जून 2023। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत जिले के 2 हजार 892 किसानों का पोर्टल में हुई त्रुटि का संशोधन कार्य शुरू हो गया है। कलेक्टर श्री जनमेजय महोबे ने समस्या को संज्ञान में लेते हुए आज राजस्व एवं कृषि विभाग के समस्त अमलों का बैठक ली। कलेक्टर ने तकनीकी कारणों से पोर्टल में विभिन्न श्रेणियों में लंबित किसानों के संशोधन की प्रगति की समीक्षा की। े पोर्टल में सुधार कार्य के लिए सभी अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि योजना का लाभ सभी पंजीकृत किसानों को मिलना चाहिए। उन्होने भूईया एवं किसान पोर्टल में सुधार करने के लिए राजस्व एवं कृषि अधिकारियों को तहसील स्तर पर आगामी 02 दिवस में त्रुटियों का संशोधन कर पोर्टल में पात्रता का निर्धारण करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में बताया गया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजनांतर्गत वर्तमान में किसान पोर्टल में एन.आई.सी. द्वारा लंबित किसानों की सूची अपलोड कर दी गई है। इन त्रुटियों के निराकरण के लिए ग्रामवार किसान सूची सभी राजस्व एवं कृषि विभाग के मैदानी अमलों को प्रदाय कर दिया गया है। इसके तहत अब तक जिले के सभी 770 किसानों के त्रुटिपूर्ण बैंक खाते का पोर्टल में संशोधन कर दिया गया है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर डॉ. मोनिका कौड़ो, सुश्री दिप्ती गौते, कवर्धा एसडीएम श्री पी.सी. कोरी, बोड़ला श्री संदीप ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती लेखा अजगल्ले, सुश्री आकांक्षा नायक सहित राजस्व और निर्वाचन के अधिकारी उपस्थित थे।