छत्तीसगढ़दुर्ग भिलाई

पचरीपारा वार्ड में नाली निर्माण में रोड़ा,

आक्रोशित लोगों ने विधायक से लगाई गुहार

दुर्ग। शहर को स्मार्टसिटी के रुप में विकसित करने लोगों की मांगों ने जोर पकड़ लिया है, लेकिन कुछ वार्डो में विकास विरोधी तत्वों की कार्यशैली स्मार्टसिटी के सपनों पर रोड़ा बनते नजर आ रही है। ऐसा ही एक मामला पचरीपारा वार्ड क्र.-28 में सामने आया है। यहां फरिश्ता कॉम्पलेक्स चौक को नया बस स्टैण्ड से जोडऩे वाली मार्ग पर स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स के सामने नगर निगम द्वारा स्वीकृत सौ मीटर लंबी नाली निर्माण कार्य को कुछ विकास विरोधी तत्वों द्वारा अपने नीजि स्वार्थवश बंद करवा दिया गया है। क्षेत्र में नाली निर्माण लोगों की महती आवश्यकता है। काम बंद होने से लोगों में आक्रोश का माहौल है। लोगों का यह आक्रोश गुरुवार की सुबह विरोध के रुप में फूट पड़ा। फलस्वरुप पचरीपारा वार्ड क्र.-28 के पार्षद ओमप्रकाश सेन (राकेश सेन) के नेतृत्व में वार्डवासियों ने सैकड़ों की संख्या में विधायक निवास पद्मनाभपुर में दस्तक देकर विकास विरोधी तत्वों के कार्यशैली के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई और विधायक अरुण वोरा से नाली निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करवाने एक स्वर में मांग की गई है। विधायक अरुण वोरा ने वार्डवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार क्षेत्र के लोग जहां नाली निर्माण चाहते है, वहीं नाली का निर्माण करवाया जाएगा। किसी के दबाव में आकर निर्माण कार्य को रोकना न्यायसंगत नहीं है।

जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। यह कहते हुए श्री वोरा ने तत्काल

निगम आयुक्त इंद्रजीत बर्मन व कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी को दूरभाष पर नाली निर्माण को लेकर जन भावनाओं से अवगत करवाया और नाली निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। जिससे वार्डवासियों में खुशियों की लहर दौड़ उठी। पचरीपारा वार्ड के भाजपा पार्षद ओमप्रकाश सेन ने विधायक को बताया कि यह सौ मीटर नाली निर्माण

वार्ड के लोगों की पुरानी मांग है। नाली के अभाव में बरसात के दिनों में क्षेत्रवासियों के घरों में तीन-तीन फीट पानी घुस आता है। वहीं हमेशा यहां गंदगी का आलम बना रहता है। जिससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। यह नाली वार्ड के मुख्य नाली से जाकर मिलेगा। जिससे वार्ड के करीब 3 सौ परिवारों को घर में पानी घुसने व गंदगी से राहत मिलेगी। इस दौरान वार्ड के परमानंद साहू, केदारनाथ साहू, बादल यादव, गणेश यादव, महेन्द्र सिंह राजपूत, राहुल सेन, प्रशांत सिन्हा, मन्नु दुबे, सन्नी यादव, कपिल यादव, कृष्णा यादव, अरुण यादव, अर्जुन यादव, शैलेश यादव, द्रोपती यादव, गनिता यादव, शिवकुमारी यादव, गंगा ढीमर, प्रेमा ढीमर, फगनी यादव, बिसाहीन यादव समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button