गगनयान रोलिंग की कहानी, ऑपरेटरों की जुबानी गगनयान अभियान-राष्ट्र की शान और भिलाई इस्पात बिरादरी की गौरवशाली पहचान

भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल बिरादरी का प्रत्येक सदस्य अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। आज अंतरिक्ष पर मानव भेजने के राष्ट्रीय अभियान गगनयान मिशन हेतु मिश्र धातु निगम द्वारा आपूर्ति की गई स्लैब को विशेष ग्रेड के प्लेटों में रोलिंग कर इस राष्ट्रीय अभियान में योगदान देने सम्पूर्ण बिरादरी अपने आपको धन्य समझ रहा है। इससे पूर्व राष्ट्रीय महत्व के अभियान चन्द्रयान को अंतरिक्ष में प्रक्षेपण करने हेतु सेटेलाइट लॉन्च वीइकल के लिए भी प्लेट मिल ने प्लेटों की सफल रोलिंग की थी। गगनयान रोलिंग में और अधिक चुनौतियाँ बढ़ीं परन्तु सफलता की अपनी उस कहानी को प्लेट मिल ने गगनयान मिशन में भी दोहराया।
् प्लेट मिल के मुख्य महाप्रबंधक श्री जे के सेठी के कुशल मार्गदर्शन व नेतृत्व में टीम प्लेट मिल ने गगनया की कठिनतम व चुनौतीपूर्ण रोलिंग को बड़ी सफलता से सम्पन्न किया। आज भिलाई की सम्पूर्ण इस्पात बिरादरी अपने आप को गौरवान्वित अनुभव कर रही है।
रोलिंग ऑपरेटर्स के दीर्घ अनुभव व ऑपरेटिंग कौशल ने इस क्रिटिकल रोलिंग को पूर्ण करने में अति महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया है। इसमें रफिंग स्टैंड में श्री संजय कुमार श्रीवास्तव तथा फिनिशिंग स्टैंड में श्री उमेश कुमार अग्रवाल ने इस रोलिंग को बखूबी अंजाम दिया। हमने गगनयान के रोलिंग करने वाले रफिंग स्टैंड व फिनिशिंग स्टैंड के दोनों अनुभवी ऑपरेटर्स से बातचीत की।
गगनयान रोलिंग को अंजाम देना एक लाईफ टाईम एचीवमेंट अवार्ड जैसा है
फिनिशिंग स्टैंड में इस कठिनतम रोलिंग को अंजाम देने वाले प्रबंधक प्लेट मिल श्री उमेश कुमार अग्रवाल ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि गगनयान के लिए रोलिंग करने के लिए प्लेट मिल प्रबंधन ने हमें चुना, यह हमारे लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है। हम प्लेट मिल प्रबंधन का विशेष आभार मानते हैं कि उन्होंने हम पर विश्वास व्यक्त किया। इस क्रिटिकल रोलिंग को अंजाम देना एक लाईफ टाईम एचीवमेंट अवार्ड जैसा है। गगनयान में मानव भेजने की योजना है। यह सिर्फ एक रॉकेट नहीं है, इसमें इंसान को अंतरिक्ष में जाना है। अत: इसके लिए कड़े मापदंडों के बीच उच्चस्तर का क्वालिटी रोलिंग करना आवश्यक था। अत: मैंने अपने 35 वर्षों का सम्पूर्ण अनुभव, कौशल और तकनीकी दक्षता झोंक दी। हमारी सफलता की कहानी ये थी कि रोल किए गए सभी दस के दसों प्लेट कड़े मापदंड में खरे उतरे। आज जो गौरवानुभूति हो रही है, मैं उसको शब्दों से बयान नहीं कर सकता।
राष्ट्र के महत्वपूर्ण मिशन में भागीदारी करने का अवसर रोमांचित करने वाला है
इसी क्रम में रफिंग स्टैंड में रोलिंग करने वाले ऑपरेटर संजय कुमार श्रीवास्तव अपने इस रोमांचित कर देने वाले अनुभव को बयां करते हुए कहते हैं कि इन प्लेटों की रोलिंग में कठोर मापदंड से लेकर इसके क्वालिटी रोलिंग को सुनिश्चित करने के लिए अनेक सावधानियाँ बरतनी पड़ती थी। मैं उत्साहित था कि राष्ट्र के इस महत्वपूर्ण मिशन में मुझे भागीदारी करने का अवसर मिल रहा था। मैं बेहद रोमांचित था और इसे सफल बनाने के लिए कृतसंकल्पित भी। हमारे प्रबंधन ने हमपर विश्वास जताया, अब हमारी बारी थी कि हम इस विश्वास पर खरे उतरें। इससे पूर्व चन्द्रयान एवं अन्य सेटेलाइट लॉन्च वीइकल के लिए किए गए रोलिंग ने हमें आत्मविश्वास से भर दिया था। परन्तु हम यह जानते थे कि गगनयान की रोलिंग चन्द्रयान के लिए किए जाने वाले रोलिंग से कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण थी।
गगनयान हेतु प्लेटों की रोलिंग-एक चुनौतीपूर्ण कार्य
फिनिशिंग स्टैंड में रोलिंग को अंजाम देने वाले प्रबंधक प्लेट मिल उमेश कुमार अग्रवाल ने गगनयान की रोलिंग आने वाले चुनौतियों का जिक्र करते हुए बताया कि हमारी मिल को रोल्ड या कास्ट स्लैब रोलिंग करने के लिए डिजाइन किया गया है परन्तु मिधानी द्वारा गगनयान की रोलिंग के लिए प्रदत्त एमडीएन-250 ग्रेड स्टील वास्तव में फोज्र्ड स्लैब है अत: इसे 11 मीटर लम्बाई में रोलिंग करना एक चुनौती पूर्ण कार्य था। इसके अतिरिक्त इस हार्ड ग्रेड प्लेट के थिकनेस, सरफेस फिनिश और फ्लेटनेस को मेंटेन करते हुए रोलिंग करना अत्यधिक स्किल और साहस का कार्य है। जिसे प्लेट मिल ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
रोलिंग स्पीड को मेंटेन करना एक बड़ी चुनौती
इसी प्रकार रफिंग स्टैंड में रोलिंग करने वाले ऑपरेटर संजय कुमार श्रीवास्तव रोलिंग की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहते हैं कि रफिंग स्टैंड में फास्ट रोलिंग कर फिनिशिंग स्टैंड को देना होता है। चूँकि स्टॉक जल्दी ठंडा होता है साथ ही साथ स्टॉक डायगोनली भी नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखना होता है। यहाँ पर हम 160 मिलीमीटर मोटे स्लैब की मोटाई को 17 मिलीमीटर तक कम करते हैं। इसमें अत्यधिक लोड की जरूरत होती है। रफिंग स्टैंड से 17 मिलीमीटर तक कम करने के पश्चात् फिनिशिंग स्टैंड में इसे 9.3 मिलीमीटर मोटाई तक प्लेट में रोल किया जाता है। रोलिंग से पूर्व हमारे रिहीटिंग फर्नेस में भी कड़े हीटिंग रेजिम के साथ लगभग 9 से 10 घंटे इन स्लैबों को गर्म किया जाता है। ये स्लैब शीघ्र ठंडी हो जाने के कारण हमें अपने रोलिंग स्पीड को कौशलपूर्ण ढंग से समायोजित करना होता है। जिससे हम इस महत्वपूर्ण रोलिंग को सही ढंग से अंजाम दे सकें।
आज प्लेट मिल का प्रत्येक सदस्य अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। देश हित को सर्वोपरि मानते हुए प्लेट मिल बिरादरी ने इस कठिनतम कार्य को उत्कृष्टता के साथ अंजाम देकर इस्पात जगत में अपनी धाक जमाई है।