छत्तीसगढ़

रबी फसलों की तैयारियों की संभागायुक्त ने की समीक्षाफसल विविधीकरण और उत्पादन बढ़ाने पर जोर : संभागायुक्त श्री जैन

रबी फसलों की तैयारियों की संभागायुक्त ने की समीक्षा
फसल विविधीकरण और उत्पादन बढ़ाने पर जोर : संभागायुक्त श्री जैन

छत्तीसगढ़ बिलासपुर भूपेंद्र साहू की रिपोर्ट l 17 अक्टूबर 2026/ संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर रबी फसलों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने किसानों की जरूरत के अनुरूप खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने तथा कृषि उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त श्री जैन ने दलहन, तिलहन एवं अन्य लाभकारी फसलों की खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने फसलवार रकबे, उत्पादन एवं उत्पादकता की पिछले वर्ष से तुलना कर प्रगति का आकलन करने को कहा। रबी फसलों के लिए खाद की उपलब्धता एवं संभावित आवश्यकता की समीक्षा करते हुए समय पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एकीकृत किसान पोर्टल में नवीन एवं कुल पंजीयन की जानकारी अलग-अलग अद्यतन रखने को भी कहा।
संभागायुक्त ने धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं और किसान पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने तथा संबंधित आंकड़ों में एकरूपता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने उद्यानिकी फसलों का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को मिलने वाले आर्थिक लाभ का आकलन करने को कहा। पशुपालन विभाग को पशुधन विकास एवं विभागीय योजनाओं का लाभ अधिकाधिक पशुपालकों तक पहुंचाने तथा मत्स्य पालन विभाग को मछली उत्पादन और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने के लिए प्रयास करने के निर्देश दिए।
श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर ध्यान दें। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की नियमित समीक्षा कर कमियों को दूर करें, ताकि किसानों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके। बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्रीमती स्मृति तिवारी, श्री हरिशंकर चौहान सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button