रन अगेंस्ट ड्रग्स’ में दौड़े युवा, दिया नशामुक्ति का संदेश

‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ में दौड़े युवा, दिया नशामुक्ति का संदेश
800 और 1600 मीटर दौड़ में विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा, विजेताओं को मेडल व नगद पुरस्कार से किया सम्मानित
कवर्धा, 2 अक्टूबर 2026। नशा मुक्त भारत अभियान के 6 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को करपात्री मैदान, कवर्धा में आर्मी योद्धा ग्रुप के विद्यार्थियों के लिए ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स’ थीम पर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में बालिकाओं के लिए 800 मीटर तथा बालकों के लिए 1600 मीटर दौड़ आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दौड़ के माध्यम से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को समाज कल्याण विभाग द्वारा मेडल एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के विरुद्ध सकारात्मक सोच विकसित करना, स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा। विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आर्मी योद्धा ग्रुप के कोच श्री सुनील सरोज सहित ग्रुप के विद्यार्थी उपस्थित रहे। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।


