डी.आई.जी. श्री एम.आर. आहिरे ने थाना भोरमदेव को गोद लेकर किया सघन निरीक्षण।

डी.आई.जी. श्री एम.आर. आहिरे ने थाना भोरमदेव को गोद लेकर किया सघन निरीक्षण।
बेहतर पुलिसिंग के लिए अपराध निराकरण, डिजिटल साक्ष्य, बीट व्यवस्था और जन-जागरूकता पर विशेष जोर देने निर्देशित किया गया।
डीआईजी ट्रैफिक पी.एच.क्यू. नया रायपुर श्री एम.आर. आहिरे द्वारा डीआईजी/आईजी कॉन्फ्रेंस-2025 के निर्देशों एवं शासन की मंशानुरूप थाना भोरमदेव को गोद लेकर थाना का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए बेहतर एवं प्रभावी पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, बैरक सहित सभी स्थानों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। डीआईजी श्री अहिरे ने लंबित अपराधों एवं प्रकरणों के निराकरण की दिशा में प्रभावी कार्यवाही करते हुए विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग को लेकर दिए महत्वपूर्ण निर्देश
डीआईजी श्री एम.आर. अहिरे ने वर्तमान समय में डिजिटल साक्ष्य की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए डिजिटल साक्ष्यों का नियमानुसार संकलन, सुरक्षित संधारण एवं प्रकरणों की विवेचना में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचकों को डिजिटल साक्ष्य से संबंधित आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि तकनीकी साक्ष्यों का बेहतर उपयोग कर विवेचना को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
बीट प्रणाली को सक्रिय कर आमजन से निरंतर संवाद पर जोर
बेहतर पुलिसिंग एवं अपराध नियंत्रण के लिए थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग, प्रभावी सूचना तंत्र एवं अपराधों की रोकथाम के लिए सतत कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने के लिए बीट अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित भ्रमण करने, आमजन से संपर्क बनाए रखने तथा क्षेत्र की गतिविधियों एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली गई। उनकी समस्याओं को सुनते हुए यथासंभव निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए गए।
साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
डीआईजी श्री अहिरे ने साइबर अपराधों से बचाव एवं साइबर सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए नियमित जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए स्कूली बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने तथा उनके माध्यम से सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी महोदय ने थाना स्तर पर स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग, सक्रिय बीट व्यवस्था तथा आमजन से निरंतर संवाद को प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


