30वीं बार रक्तदान कर प्रभारी रेडियो निरीक्षक समीर गुप्ता ने पेश की मानवता की मिसाल
समीर गुप्ता का यह 30वां रक्तदान समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानव सेवा का प्रेरणादायक संदेश देता है।

30वीं बार रक्तदान कर प्रभारी रेडियो निरीक्षक समीर गुप्ता ने पेश की मानवता की मिसाल
अत्यंत जरूरतमंद मरीज के लिए किया रक्तदान, लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील
ललितपुर। मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाते हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन ललितपुर के प्रभारी रेडियो निरीक्षक समीर गुप्ता ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक अत्यंत जरूरतमंद मरीज के लिए 30वीं बार रक्तदान किया।
समीर गुप्ता के 30वीं बार रक्तदान करने पर लोगों ने उनकी सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने का माध्यम भी है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन अथवा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में कई बार मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्तदाता का योगदान किसी परिवार के लिए बड़ी उम्मीद बन जाता है।
उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर अभी भी कई भ्रांतियां हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है। स्वस्थ एवं पात्र लोगों को आगे आकर नियमित अंतराल पर रक्तदान करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। उनका कहना है कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
समीर गुप्ता ने युवाओं सहित सभी स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से अपील की कि जरूरत के समय रक्तदान के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग रक्तदान का संकल्प लें तो रक्त की कमी के कारण जरूरतमंद मरीजों को होने वाली परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
समीर गुप्ता का यह 30वां रक्तदान समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता और मानव सेवा का प्रेरणादायक संदेश देता है।
रक्तदान के दौरान जन कल्याण समिति ललितपुर (रजि.) के अध्यक्ष एवं समाजसेवी/पत्रकार चन्दन सिंह अहिरवार, रोहित पटेल, मरीज के पिता तथा ब्लड बैंक से मनोज सोनी मौजूद रहे।



