छत्तीसगढ़

विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों को देखने कबीरधाम पहुची केंद्रीय टीम

विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यों को देखने कबीरधाम पहुची केंद्रीय टीम

ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने आंगनबाड़ी भवन, डबरी निर्माण सहित आजीविका के अन्य कार्यों को देखकर की सराहना

125 दिनों का रोजगार देने, समय पर मजदूरी भुगतान करने, ऑनलाइन एनएमएमएस अटेंडेंस सहित महत्वपूर्ण बिंदुओं की तैयारियों का लिया जायजा

कवर्धा,  जुलाई 2026। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त सचिव (वित्त) श्री पी.के.शर्मा तथा अवर सचिव श्री राहुल कुमार श्रीवास्तव ने विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को देखने दो दिवसीय प्रवास पर कबीरधाम जिले में पहुँच कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने विकसित भारत जी राम जी योजना के कार्यो की प्रगति एवं अन्य आवश्यक तैयारियों से केन्द्रीय टीम को अवगत कराया।
केंद्रीय टीम द्वारा योजना से जुड़े सभी मैदानी कर्मचारियों की बैठक लेकर योजना के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।गांव की आवश्यकता अनुसार निर्माण कार्यो की पहचान में ग्रामीणों की भूमिका, कार्य स्वीकृति की प्रक्रिया, युक्त धारा पोर्टल में कार्यो की एंट्री, काम की मांग, एनएमएमएस द्वारा ऑनलाइन हाजिरी, समय सीमा में मजदूरी भुगतान की जानकारी, 125 दिनो के रोजगार हेतु ग्रामीणों की मांग पर नए कार्यों की स्वीकृति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर जानकारी ली गई।
सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी ग्राम पंचायतो के लिए पर्याप्त कार्य की स्वीकृत करते हुए रोजगार की मांग अनुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहे हैं। साथ ही बताया गया कि योजना अंतर्गत ग्रामीणों को रोजगार देने के मामले में पूर्व की भांति कबीरधाम जिला प्रदेश में लगातार अग्रणी बना हुआ है। जिस पर केंद्रीय टीम द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रवास के दौरान केंद्रीय टीम के अधिकारियों ने ग्राम पंचायत रेंगाखारखुर्द में पहुंच कर आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। कार्य की गुणवत्ता, मजदूरी भुगतान, मानव दिवस एवं कार्य से ग्रामीणों को हो रहे लाभ की जानकारी ली गई।ग्राम पंचायत चिखली के तालाब में चल रहे मछली पालन की आजीविका गतिविधियों का अवलोकन कर हितग्राही से हो रहे लाभ की जानकारी ली। ग्राम पंचायत पोड़ी में सामुदायिक बोरवेल रिचार्ज पिट के कार्य का निरीक्षण कर जानकारी ली गई। ग्राम पोड़ी निवासी हितग्राही श्री रामभजन पिता लतेल के लिए बनाए गए निजी आजीविका डबरी का निरीक्षण किया गया।डबरी की उपयोगिता पर हितग्राही से जानकारी ली गई। हितग्राही द्वारा बताया गया कि डबरी निर्माण से सिंचाई सुविधा का विस्तार हुआ है तथा मत्स्य पालन से आजीविका का नया साधन मिला है।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत बोड़ला के ग्राम पंचायत राजानवागांव में विकसित भारत जी राम जी के प्रावधानों के संबंध में मजदूरों, समूह की दीदियों से चर्चा कर अधिकारियों ने योजना के उद्देश्य, ग्राम विकास में भूमिका, ग्रामीणों के आजीविका संवर्धन, रोजगार के अवसर, सामुदायिक सहभागिता, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, जल संवर्धन, कृषि एवं अन्य विकासात्मक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत चर्चा कर जानकारी दी। बैठक में उपस्थित ग्रामीणों से योजना से संबंधित सुझाव एवं समस्याओं की जानकारी ली गईं तथा अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के सभी प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया गया।
केंद्रीय टीम ग्राम पंचायत नेउरगांवखुर्द पहुंचकर विकसित भारत जी राम जी उद्यान का निरीक्षण किया गया। जिसमें फलदार एवं छायादार के 500 से अधिक पौधों का वृक्षारोपण किया गया है। पौधों के रखरखाव पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान केंद्रीय टीम द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान में भाग लेते हुए पौधारोपण भी किया। केंद्रीय टीम के निरीक्षण के दौरान सीईओ जनपद पंचायत बोड़ला,सहायक परियोजना अधिकारी विकसित भारत जी राम जी, तकनीकी समन्वयक, कार्यक्रम अधिकारी सहित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव स्व सहायता समूह की दीदीयां सहित, मैदानी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button