छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना: कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना: कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित

22 जून तक कर सकते है आवेदन, चयन परीक्षा 05 जुलाई को कवर्धा, 08 जून 2026। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए लिखित चयन परीक्षा का आयोजन 05 जुलाई 2026 रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने तथा इस अवसर का लाभ उठाने कहा है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के ग्रामीण अंचलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराना, उन्हें प्रतिस्पर्धी वातावरण प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास एवं बेहतर कैरियर निर्माण के अवसर उपलब्ध कराना है। चयनित विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययन की सुविधा दी जाती है तथा सम्पूर्ण शैक्षणिक शुल्क का वहन विभाग द्वारा किया जाता है।

आवेदन जमा करने की समय-सीमा

उन्होंने बताया कि 20 जून 2026 तक विद्यार्थी अपने आवेदन पत्र संबंधित शाला में जमा करेंगे। 22 जून 2026 तक शाला प्रमुख/प्रधान पाठक आवेदन पत्रों का परीक्षण कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा करेंगे। 24 जून 2026 तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा परीक्षण उपरांत सूची सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, कबीरधाम को प्रेषित की जाएगी।

पात्रता की प्रमुख शर्तें

विद्यार्थी छत्तीसगढ़ का मूल निवासी हो।
अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग का स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक हो।
छत्तीसगढ़ के मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हो तथा कक्षा 4वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया हो।
पालक की वार्षिक आय समस्त स्रोतों से 2.50 लाख रुपये से अधिक न हो।
योजना का लाभ केवल ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी पात्र नहीं होंगे।

सीटों का निर्धारणजिले के लिए अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों हेतु 3-3 सीटें निर्धारित हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पीव्हीटीजी (बैगा, अबूझमाड़िया, कमार, बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा) के लिए 2 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। प्रवेश उपलब्ध बजट एवं मेरिट के आधार पर प्रदान किया जाएगा।

प्रवेश परीक्षा का स्वरूपप्रवेश परीक्षा में कक्षा 5वीं स्तर के विज्ञान, गणित, हिन्दी, अंग्रेजी एवं पर्यावरण विषयों से कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20-20 अंक के प्रश्न होंगे तथा परीक्षा की अवधि 120 मिनट होगी। प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका संयुक्त रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।

सबका संदेश

2004 से पत्रकारिता से जुड़े,2010 से भारत सरकार अखबार संपादक, पत्रकार संघ जिलाध्यक्ष 2019,25से अब तक, 2011 से समाज के जिलाध्यक्ष अब तक

Related Articles

Back to top button