देश दुनिया

कौन हैं तिहाड़ के नए DG आनंद मोहन, JNU से की है ये पढ़ाई

देश की सबसे चर्चित और प्रतिष्ठित जेल तिहाड़ के नए महानिदेशक (डीजी) के रूप में आईपीएस आनंद मोहन की नियुक्ति की गई है. दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना द्वारा हाल ही में कई वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए गए हैं. राजभवन से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी आनंद मोहन को तिहाड़ जेल की कमान सौंपी गई है. इससे पहले वे अरुणाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर कार्यरत थे.

आनंद मोहन AGMUT (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिज़ोरम-केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के अधिकारी हैं. हाल ही में उनका तबादला दिल्ली किया गया था और उन्हें दिल्ली में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए थे. अब उन्हें राजधानी की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक सौंपी गई है. तिहाड़ जेल देश की सबसे बड़ी और संवेदनशील जेल मानी जाती है, ऐसे में उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक रूप से अहम माना जा रहा है.

जेएनयू से किया है पोस्ट ग्रेजुएशन

शिक्षा की बात करें तो रिपोर्ट्स के अनुसार आनंद मोहन ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई चेन्नई के लोयोला कॉलेज से पूरी की. वे बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं. उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल रिलेशन विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. इसके बाद उन्होंने एमफिल में भी दाखिला लिया, लेकिन अंततः सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित किया. उनकी मेहनत रंग लाई और वर्ष 1994 में वे भारतीय पुलिस सेवा के लिए चयनित हो गए.

संभाल चुके हैं पीएम की सुरक्षा

अपने लंबे और विविधतापूर्ण करियर के दौरान आनंद मोहन ने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में डिप्टी कमिश्नर के पद पर भी रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने दिल्ली पुलिस में कनॉट प्लेस क्षेत्र के असिस्टेंट कमिश्नर तथा नई दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर के रूप में जिम्मेदारी निभाई है. वे पुडुचेरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर भी तैनात रहे और अंडमान में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं. अब तिहाड़ जेल के डीजी के रूप में उन्हें नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Related Articles

Back to top button