
रायपुर, 20 फरवरी 2026 नामदेव समाज कबीरधाम के जिला अध्यक्ष और “सबका संदेश” साप्ताहिक समाचार पत्र के संपादक अभिताभ नामदेव ने आज रायपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर अपने खिलाफ चल रहे मामले को पूरी तरह साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके सामाजिक और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी शौरभ नामदेव द्वारा रची गई है, ताकि उनकी सामाजिक छवि धूमिल की जा सके।
अभिताभ नामदेव ने बताया: “मेरा मकान किराए पर देने का काम चल रहा था, जिसे अब लॉज/होटल में बदलने का प्रयास था। निर्माणाधीन होने के कारण अभी रजिस्टर नहीं बनाया गया था। 6 फरवरी को पुलिस टीम आई और जांच की। मौके पर मिले लड़के-लड़की बालिग थे और अपनी मर्जी से आए थे। पुलिस जांच में कोई अवैध गतिविधि नहीं पाई गई। DSP ने भी मीडिया को बयान दिया कि कोई संदिग्ध कार्य नहीं मिला। सिर्फ मेरी पुलिस से बहस हुई, इसलिए BNS की धारा 177 के तहत मामला दर्ज किया गया।”
उन्होंने आगे दावा किया: “शिकायतकर्ता कोई और नहीं, बल्कि शौरभ नामदेव का ड्राइवर था। मैं 15 साल से जिलाध्यक्ष हूं और बार-बार चुनावों में शौरभ नामदेव तथा उनके पिता को हराता आया हूं। इससे हतोत्साहित होकर उन्होंने षड्यंत्र रचा। पहले लड़के-लड़की को मेरे होटल में भेजा गया, आपत्तिजनक सामग्री फैलाई गई, फिर झूठी शिकायत कर पुलिस बुलाई गई और सोशल मीडिया पर मनघड़ंत खबरें फैलाई गईं, ताकि मेरी मान-मर्यादा को ठेस पहुंचे।”
अभिताभ नामदेव ने अपने योगदान का जिक्र करते हुए कहा: “15 साल से जिलाध्यक्ष रहते हुए मैंने पूरे प्रदेश में सबसे पहला नामदेव समाज का भवन बनवाया, जिसका विरोध बाप-बेटे की जोड़ी ने खूब किया। समाज के लोग सब जानते हैं। मैं 2010 से भारत सरकार से पंजीकृत संपादक हूं। कभी समाज के किसी सदस्य या बाहरी व्यक्ति से मेरा कोई विवाद नहीं रहा।”
उन्होंने समाज के पदाधिकारियों का समर्थन बताते हुए कहा कि चुने हुए पदाधिकारी उनके साथ खड़े हैं। अभिताभ नामदेव ने झूठी शिकायत करने वालों के खिलाफ शिकायत करने की बात कही और कहा कि वे कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।



