राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महिला सषक्तिकरण हेतु प्रशिक्षण सह जागरुकता कार्यक्रम

कोण्डागांव। राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर सामुदायिक भवन कोण्डागांव में आज आयोजित जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण प्रशिक्षण सह जागरुकता कार्यक्रम का सामुदायिक भवन कोण्डागांव में आयोजन हुआ। इस कार्यशाला का उद्घाटन कलेक्टर नीलकंठ टीकाम द्वारा किया गया।
इस मौके पर उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि युवा अवस्था सबसे अधिक संघर्ष एवं चुनौतियों से भरा वक्त होता है। इस वक्त जो व्यक्ति अपनी भावनाओं पर नियंत्रण पाकर सही दिशा तय कर जुनून के साथ अपने कार्य को सम्पन्न करते है वही अपनी पहचान इस दुनिया पर बना पाते है। आज महिलाऐं खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान, व्यापार आदि क्षेत्रों से जुड़कर अपनी सक्षमता और कार्यकुशलता के दम पर अपनी पहचान बनाई है। यह गौरव की बात है कि हमारा जिला राज्य में सर्वाधिक लिंगानुपात वाला जिला है और हमारे जिले की बालिकाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में न केवल राज्य अपितु देश में क्षेत्र का नाम रौशन किया है।
इसके पूर्व नगर में शालेय एवं महाविद्यालयीन छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा जागरुकता रैली भी निकाली गई। इस रैली में कलेक्टर सहित पुलिस अधीक्षक सुजीत कुमार सिंह, सीईओ जिला पंचायत डी.एन.कश्यप भी शामिल हुए।
उक्त कार्यशाला में विभिन्न क्षे़त्रों से जुडी महिलाओं द्वारा उपस्थित बालिकाओं का मार्गदर्शन के साथ-साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके अधिकारों एवं विभिन्न योजनाओं से उन्हें अवगत भी कराया। इस दौरान सहायक कमांडेट (आईटीबीपी) विजेन्द्र सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जी.एस.सोरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी वरुण नागेश, प्राचार्य शासकीय गुण्डाधूर महाविद्यालय किरण नुरेटी, डाॅ0 रीता गेडाम, परियोजना अधिकारी इमराम अख्तर, आसिफ खान, सहायक खाद्य अधिकारी शांति ध्रुव सहित बड़ी संख्या में युवतियां एवं स्कूली बालिकाऐं मौजूद रहीं।
सहायक आरक्षक सोनाय नाग का हुआ सम्मान
वर्ष 2016 में एक मानसिक विक्षिप्त गर्भवती महिला प्राप्त हुई थी जिसने वर्ष 2017 में एक शिशु को जन्म दिया। विक्षिप्तता के कारण वह महिला बच्चे के लालन-पालन में असमर्थ थी, ऐसे में प्रशासन द्वारा महिला आरक्षक सोनय पोयाम को महिला की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई। उक्त आरक्षक द्वारा पीड़ित महिला की निस्वार्थ भाव से सेवा की गई साथ ही नवजात शिशु को दत्तक ग्रहण एजेंसी के माध्यम से बेहतर परिवार तथा उसकी माता को मानसिक रोग सुधार केन्द्र में भर्ती कराने की व्यवस्था भी की गयी। इस तरह माँ एवं बच्चें की जान बचाकर एक नया जीवन प्रदान करने के इस प्रयास को कलेक्टर द्वारा आज राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अव्वल छात्राओं को किया पुरस्कृत
जुडो में राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर शिवानी पोयाम, रसबती पोयाम, ज्योति मरावी, कुसुम कोर्राम, कौशल्या नेताम, पार्वती सरकार, सुनेशा नाग को तथा तीरंदाजी के लिए चंचला पोयाम, रमिता सोरी, मयावती
सलाम, दक्षा यादव को साथ ही खिलेश्वरी नेताम को राज्य स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम एवं रितिका नेताम को राष्ट्रीय स्तर पर कराटे में कांस्य पदक प्राप्त करने पर कार्यशाला में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में निबंध लेखन प्रतियोगिता में भुनेश्वरी सिन्हा एवं चित्रकला प्रतियोगिता के लिए खुशबू पटेल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।