Latest News Live Update 22 March 2025: आज से होगा IPL 2025 का आगाज, बिहार दिवस के मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित, JJP नेता रवींद्र मिन्ना की हत्या, पढ़े दुनियाभर की खबरें

Latest News Today and Live Update 22 March 2025
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रियों समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता 22 मार्च को बिहार के स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार से देशभर में लगभग 75 स्थानों पर आयोजित होने वाले सप्ताहभर चलने वाले समारोहों का हिस्सा होंगे। राज्य की प्रवासी आबादी को साधने के लिए सत्तारूढ़ पार्टी का यह राष्ट्रव्यापी आयोजन बिहार में विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया है। बिहार में भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाइटेड) के साथ गठबंधन का हिस्सा है।
चंडीगढ़: हरियाणा के पानीपत में दुष्यंत चौटाला की पार्टी जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता रवींद्र मिन्ना की दिन दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम को उसके पड़ोसी ने ही उन्हें सिर पर गोली मार दी। हमला करने वाले ने जेजेपी नेता के अलावा उसके चचेरे भाई और एक अन्य साथी को भी गोली मार दी। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है।
नई दिल्ली: बस कुछ घंटों का इंतजार और फिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का आगाज हो जाएगा। सीजन का पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा। यह टूर्नामेंट 65 दिनों तक खेला जाएगा और इसमें कुल 74 मुकाबले होंगे। IPL 2024 का खिताब कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर जीता था। IPL का खिताब सबसे ज्यादा बार जीतने वाली टीमों में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स शामिल हैं। दोनों ने इस खिताब को 5-5 बार जीता है।
भोपाल: MP News मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रहने वाले लोगों के लिए एक जरूरी खबर है। आज राजधानी के करीब 60 इलाकों में आज बिजली कटौती की जाएगी। इन इलाकों में मेंटेनेंस के चलते आधे घंटे से 7 घंटे तक बिजली बंद रहेगी। इनमें सर्वधर्म कॉलोनी, इंद्रपुरी, नयापुरा, सोनागिरी, राजहर्ष कॉलोनी, जानकी नगर, भैरोपुर, छत्रसाल नगर, प्रियंका होम्स, जेके टाउन जैसे कई बड़े रहवासी इलाके शामिल है।